Live: CJP के प्रदर्शन के दौरान 6 लोग हिरासत में, दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) और परीक्षा धांधली के खिलाफ चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बड़े आंदोलन के दौरान दिल्ली पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है
नई दिल्ली। नीट (NEET), सीबीएसई (CBSE) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का विरोध प्रदर्शन हिंसक मोड़ लेने से बाल-बाल बच गया।
शनिवार सुबह से चल रहे इस शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच दोपहर में अचानक हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में ले लिया।
बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में देश भर से करीब 2,000 से अधिक छात्र और युवा शामिल हुए हैं।
क्यों हुई 6 लोगों की गिरफ्तारी? जानिए पूरा विवाद
जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग हाथों में लाठियां और कॉकरोच मारने वाला ‘हिट’ (स्प्रे) लेकर प्रदर्शन स्थल के बेहद करीब पहुंच गए।
आमने-सामने आए गुट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ये लोग CJP के विरोध में नारेबाज़ी कर रहे थे और खुद को दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़ा बता रहे थे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
इसे भी पढ़ें: बाबा रामदेव का मोदी सरकार से मोह भंग, चेतावनी भरे लहजे में कहा, “सुधर जाओ नहीं तो….”
हंगामा और पुलिस एक्शन: माहौल बिगड़ता और धक्का-मुक्की बढ़ती देख वहां मुस्तैद दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने उपद्रव कर रहे और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले 6 लोगों को तुरंत हिरासत में लेकर संसद मार्ग थाने भेज दिया।
सोनम वांगचुक का अल्टीमेटम: ‘अगर गिरफ्तारी हुई, तो 42 दिन की भूख हड़ताल’
लद्दाख के मशहूर शिक्षा सुधारक और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन को अपना समर्थन देने के लिए विशेष रूप से दिल्ली पहुंचे हैं। प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही वांगचुक ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर एक वीडियो जारी कर सरकार और पुलिस को कड़ा अल्टीमेटम दे दिया था।
सोनम वांगचुक ने कहा: “यदि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके या आंदोलन के किसी भी शांतिपूर्ण सदस्य को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार करती है, तो मैं चुप नहीं बैठूंगा। मैं उसी वक्त से दिल्ली में 42 दिनों (6 सप्ताह) की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाऊंगा। हम इस आंदोलन को भारत के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण आंदोलन बनाना चाहते हैं, लेकिन छात्रों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।”
जंतर-मंतर पर अर्धसैनिक बलों की 40 कंपनियां तैनात
जंतर-मंतर पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों की 40 से अधिक कंपनियां और करीब 1,000 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति सशर्त दी गई है, और यदि किसी ने भी कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की कोशिश की, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
