Live: जंतर-मंतर पर भारी हुजूम,शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) और सीबीएसई परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन में 2000 से अधिक युवा जुटे हैं। इस आंदोलन को मशहूर पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक का भी सीधा समर्थन मिला है।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर शनिवार को एक बार फिर बड़े आंदोलन का गवाह बना। NEET पेपर लीक और CBSE परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले आयोजित इस देशव्यापी शांतिपूर्ण प्रदर्शन में 2,000 से अधिक छात्र और युवा सड़कों पर उतर आए हैं।
इस छात्र आंदोलन को उस वक्त बड़ी ताकत मिली, जब लद्दाख के मशहूर शिक्षा सुधारक और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) खुद दोपहर बाद सीधे दिल्ली एयरपोर्ट से जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। आंदोलनकारियों की एक ही प्रमुख मांग है—केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तुरंत इस्तीफा।
‘अगर कुछ गलत हुआ है, तो मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए’: सोनम वांगचुक
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करने पहुंचे 59 वर्षीय मैग्सेसे पुरस्कार विजेता सोनम वांगचुक ने देश के मौजूदा शिक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए। खुद को इस आंदोलन का ‘ऑनरेरी कॉकरोच’ (मानद सदस्य) बताने वाले वांगचुक ने सोशल मीडिया पर पहले ही एलान कर दिया था कि यदि 5 जून तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह खुद दिल्ली आएंगे।
सोनम वांगचुक ने मंच से कहा, “यह लड़ाई सिर्फ किसी एक परीक्षा या पेपर लीक की नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और देश के बुनियादी ढांचे का सवाल है। पिछले चार दशकों से मैं सरकारी स्कूलों और दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा सुधार के लिए काम कर रहा हूँ। जब लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक जाए, तो किसी भी आत्मसम्मान वाले मंत्री को तुरंत नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।”
इसे भी पढ़ें: Live: पश्चिम बंगाल में 193 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने संभाली कमान
इस अनोखे नाम वाले आंदोलन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके (30 वर्षीय, बोस्टन यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र) भी इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने के लिए विशेष रूप से दिल्ली पहुंचे हैं। जंतर-मंतर पर एक अस्थायी मंच बनाकर युवाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से ‘आवाज दो, हम एक हैं’ और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लगाए।
‘आप हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, हमें नहीं’
मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने सरकार पर सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक करने और उनकी पोस्ट डिलीट करवाने का आरोप लगाया। दिपके ने कहा, “हम पिछले एक महीने से सोशल मीडिया पर जवाबदेही मांग रहे हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय हमारे अकाउंट्स को निशाना बनाया गया। मैं सरकार से कहना चाहता हूँ—आप इंटरनेट से हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, लेकिन जंतर-मंतर पर खड़े इन हजारों युवाओं को इस जगह से नहीं मिटा सकते। यह संघर्ष लंबा है और हम पीछे नहीं हटेंगे।”
उपद्रवियों पर कड़ी नज़र
इससे पहले आज दोपहर के वक्त उस समय थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोग कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए CJP के प्रदर्शन का विरोध करने अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। माहौल बिगड़ता देख दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और परिसर से बाहर निकाला।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
