जंतर मंतर पर अब शिक्षा मंत्री का नहीं पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग उठी
दिल्ली पुलिस द्वारा 21 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद सीजेपी (CJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की है
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह पुलिस ने धरनास्थल से हटा दिया। लंबे समय तक अनशन पर रहने के कारण उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कड़ी नाराजगी जताई है और सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।
पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मोदी मस्ट रिजाइन।” वहीं, वांगचुक को हटाए जाने के विरोध में CJP के फाउंडर अभिजी दीपके अब खुद भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
देश में हाल ही में हुए पेपर लीक के मामलों के विरोध में यह आंदोलन शुरू किया गया था, जो धीरे-धीरे दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंच गया। छात्रों के समर्थन में सोनम वांगचुक 28 जून से यहां भूख हड़ताल कर रहे थे, और प्रदर्शनकारी लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें: यूसुफ पठान का बयान: ‘हम एकजुट हैं, देशहित में जो बेहतर होगा वही करेंगे’
अनशन के कारण वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई थीं, और हाई कोर्ट ने भी प्रशासन को उनके स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस उन्हें धरनास्थल से उठाकर अस्पताल ले गई।
पुलिस के अनुसार, यह कदम उनके इलाज और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है, लेकिन वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के तुरंत बाद CJP के फाउंडर अभिजी दीपके ने खुद अनशन की कमान संभाल ली। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को ‘तानाशाही’ करार दिया और सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए।
दीपके का दावा है कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया और उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने इस पूरी कार्रवाई की निंदा करते हुए देश की जनता से अपील की है कि वे इस घटना के विरोध में देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
