महादेव बेटिंग ऐप केस: BJP आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास गर्ग को ED ने किया गिरफ्तार, रायपुर कोर्ट में पेशी

महादेव बेटिंग ऐप केस: BJP आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास गर्ग को ED ने किया गिरफ्तार, रायपुर कोर्ट में पेशी

विकास गर्ग भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक नंदकिशोर गर्ग के पुत्र हैं और उन्हें साल 2024 में दिल्ली भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ का संयोजक नियुक्त किया गया था

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी और दिल्ली भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ (Economic Cell) के संयोजक विकास गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है।

ईडी की टीम ने विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। इसके बाद दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उन्हें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ले जाया गया, जहाँ उन्हें प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की विशेष अदालत में पेश किया गया।

विकास गर्ग की इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। विकास गर्ग भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक नंदकिशोर गर्ग के पुत्र हैं और उन्हें साल 2024 में दिल्ली भाजपा के आर्थिक प्रकोष्ठ का संयोजक नियुक्त किया गया था। गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही भाजपा ने फौरन उनसे दूरी बना ली है।

जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप सिंडिकेट के जरिए कमाई गई बेहिसाब अवैध रकम (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) को शेल कंपनियों और जटिल वित्तीय लेनदेन के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया गया।

ईडी की जांच में सामने आया है कि महादेव ऐप और स्काई एक्सचेंज से अर्जित करोड़ों रुपये का अवैध धन विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में ट्रांसफर किया गया। इस पैसे को फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (FPI) और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट के माध्यम से रूट किया गया, जिसका इस्तेमाल शेयर मार्केट में हेरफेर करने और सॉफ्टवेयर व आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी ‘एबिक्स’ का अधिग्रहण करने के लिए किया गया था।

इस मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी ने जून 2026 में ही विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी संस्थाओं पर बड़ा शिकंजा कसा था। ईडी ने लगभग 940.77 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया था। इसमें दिल्ली, गोवा और नैनीताल में स्थित 12 अचल संपत्तियां और 893 करोड़ रुपये के शेयर व सिक्योरिटीज शामिल हैं।

अब समझ आ रहा है कि इस एप में भाजपा के ही लोग शामिल थे: बघेल

महादेव बेटिंग ऐप केस में BJP आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक विकास गर्ग को की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, “महादेव ऐप में पहली कार्रवाई छत्तीसगढ़ में हुई थी। करीब 72 FIR, सैकड़ों लोगों की गिरफ्तारी और हजारों बैंक खाते सीज़ किए गए थे। कई लैपटॉप भी ज़ब्त किए गए थे। अनेक प्रदेशों में जाकर कार्रवाई की गई थी। तब केंद्र में बैठी सरकार ने हम पर आरोप लगाया था। अब खबर आई है कि भाजपा की दिल्ली इकाई के आर्थिक मामलों के अध्यक्ष विकास गर्ग पकड़े गए हैं। 904 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त की गई है। इस ऐप को बंद करने की जिम्मेदारी भारत सरकार की थी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी। अब कारण समझ आ रहा है कि इसमें उन्हीं के लोग शामिल हैं।”


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।