10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव, अधिसूचना 1 जून को

10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव, अधिसूचना 1 जून को

नई दिल्ली: 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर आगामी 18 जून 2026 को चुनाव कराए जाएंगे, जिसकी तारीखों का एलान शुक्रवार को चुनाव आयोग द्वारा कर दिया गया है। आयोग की इस घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, इन चुनावों के लिए 1 जून को आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद उम्मीदवार 8 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

चुनाव आयोग के मुताबिक, राज्यसभा से 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर 10 राज्यों के वर्तमान सांसद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जिन राज्यों में यह चुनाव होने हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे अधिक चार-चार सीटों पर मतदान होगा।

इसके अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों, झारखंड में दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश व मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव कराए जाएंगे।

इस बार राज्यसभा से सेवानिवृत्त होने वाले प्रमुख नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा शामिल हैं, जबकि राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होने जा रही हैं।

इस पूरी चुनावी प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग ने विशेष और कड़े निर्देश जारी किए हैं। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए जहां एक तरफ विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, वहीं दूसरी तरफ मतदान प्रक्रिया के लिए एक खास नियम बनाया गया है।

इसके तहत मतदान के दौरान मतदाताओं को केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया बैंगनी रंग का विशेष स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होगा और किसी भी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।