जेवर एयरपोर्ट से आज लखनऊ के लिए उड़ी पहली फ्लाइट, जुलाई में 16 शहरों का होगा फायदा

जेवर एयरपोर्ट से आज लखनऊ के लिए उड़ी पहली फ्लाइट, जुलाई में 16 शहरों का होगा फायदा

उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से होते विकास के बीच आज, 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की पहली उड़ान के साथ कमर्शियल फ्लाइट सेवाओं की शुरुआत होने जा रही है

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज (15 जून) से कमर्शियल फ्लाइट सेवाओं की ऐतिहासिक शुरुआत हो गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने इस नए एविएशन हब से बेंगलुरु की पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में पहली लॉन्च कैरियर इंडिगो एयरलाइंस बनी है, जिसके तहत आज पहले दिन लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। लखनऊ से आई पहली वीआईपी उड़ान में विधानसभा अध्यक्ष और 75 दिग्गज कारोबारी इस पल के गवाह बने।

शुरुआती उड़ानों को लेकर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया, जहां बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर की उड़ानों के लिए भारी संख्या में सीटें पहले ही बुक हो चुकी थीं।

इसके साथ ही, जेवर के उन 170 किसान परिवारों (जिनमें 20 महिलाएं शामिल हैं) को एक विशेष सौगात दी गई है जिन्होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन दी थी; वे आज विमान से लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 25 नवंबर 2021 को शिलान्यास किए गए इस एयरपोर्ट के निर्माण के बाद अब यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की राह पर है। एयरपोर्ट पर पिछले एक सप्ताह से विमानों की टेस्टिंग चल रही थी। शेड्यूल के मुताबिक, 16 जून से इंडिगो जम्मू के लिए और अकासा एयर नवी मुंबई व बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू करेगी।

वहीं 1 जुलाई से इंडिगो और अकासा एयर द्वारा नवी मुंबई, बरेली, जयपुर और भोपाल सहित देश के 16 प्रमुख शहरों के लिए 3,900 मीटर लंबे रनवे से रोजाना 28 नियमित उड़ानें (टेकऑफ और लैंडिंग) शुरू हो जाएंगी।

हालांकि, एयर इंडिया एक्सप्रेस की समय सारिणी में थोड़ी देरी की संभावना है।पैसेंजर फ्लाइट्स के अलावा, 17 जून से यहां से घरेलू कार्गो उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी, जिसके लिए एयर इंडिया सेट्स ने 30 एकड़ में 2.55 लाख मेट्रिक टन सालाना क्षमता वाला कार्गो हब तैयार किया है।

यह एयरपोर्ट आने वाले समय में दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ा लॉजिस्टिक्स और एविएशन हब साबित होगा।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।