राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर आरएसएस की तरफ से आया पहला बयान, पढ़िए- क्या कहा
वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जाँच दल करेंगे
नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर से चढ़ावा चोरी को लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की तरफ से पहला बयान सामने आया है।
चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी किये गए बयान में कहा गया है कि श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी का हवाला देते हुए बयान में कहा गया कि इस घटना से हम सभी को आघात पहुंचा हैं और इस पर हिन्दू समाज धैर्य रखे। बयान में आगे कहा गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पूर्वक निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जाँच दल का गठन कर उसकी अनुशंसा पर क़ानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।
वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए
दत्तात्रेय होसबाले ने बयान में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक ही अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने हेतु परिणामकारक कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे।
वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए। इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि सभी आवश्यक पहल मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जाँच दल करेंगे।
इसे भी पढ़ें: शाहिद की ‘कबीर सिंह’ के पूरे हुए 7 साल, एक्ट्रेस निकिता दत्ता ने साझा किया अपना अनुभव
उन्होंने कहा कि हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन हेतु निर्दोष पारदर्शी व्यवस्थाओं एवं शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के द्वारा श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिन्दू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाये रखेगा।
बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी किया गया वक्तव्य :
(नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026)श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और… pic.twitter.com/5T72nmx87T
— RSS (@RSSorg) July 3, 2026
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
