कावड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा: रालोद के नेता के साथ सीएम योगी मंच पर छाए रहे

कावड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा: रालोद के नेता के साथ सीएम योगी मंच पर छाए रहे

गुलाम मोहम्मद ने भी मुख्यमंत्री के सामने हाथ में टोकरी लेकर उत्साह से फूल बरसाए, जिसे देखकर भाजपा कार्यकर्ता भी अचंभित रह गए

नई दिल्ली: मेरठ के मोदीपुरम में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर भाजपा और रालोद नेताओं की जुगलबंदी ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के सियासी समीकरणों के संकेत दे दिए हैं। मुख्यमंत्री के साथ दोनों दलों के नेताओं ने कांवड़ियों पर जमकर फूल बरसाए।

मेरठ के मोदीपुरम में कावड़ियों पर पुष्पवर्षा

इस दौरान सिवालखास से रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद ने भी मुख्यमंत्री के सामने हाथ में टोकरी लेकर उत्साह से फूल बरसाए, जिसे देखकर भाजपा कार्यकर्ता भी अचंभित रह गए। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच इस आयोजन को दोनों दलों के भावी गठबंधन और मजबूत राजनीतिक तालमेल के रूप में देखा जा रहा है।

शनिवार को दुल्हेड़ा चौकी के पास आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मंच पर भाजपा सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और दिनेश खटीक सहित रालोद के बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, विधायक चंदन चौहान व गुलाम मोहम्मद मौजूद रहे। इसके अलावा, चर्चित पूर्व विधायक संगीत सोम और सुनील भराला की मंच पर मौजूदगी भी खासी चर्चा का विषय रही।

पत्रकारों से बातचीत में सीएम योगी ने कांवड़ यात्रा को अटूट आस्था, श्रद्धा और सामाजिक-राष्ट्रीय एकता का महापर्व बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में जाति, प्रांत और क्षेत्र का कोई भेदभाव नहीं दिखाई देता और सभी केवल शिवभक्त होते हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शिवरात्रि तक तीन दिनों तक हेलीकॉप्टर के जरिए कांवड़ियों पर लगातार पुष्पवर्षा की जाएगी और सुरक्षा व यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं