किरेन रिजिजू के बयान पर भड़के इमरान प्रतापगढ़ी और पप्पू यादव, बोले- ‘हिम्मत है तो गृह मंत्री सदन में दें जवाब वरना दें इस्तीफा’

किरेन रिजिजू के बयान पर भड़के इमरान प्रतापगढ़ी और पप्पू यादव, बोले- ‘हिम्मत है तो गृह मंत्री सदन में दें जवाब वरना दें इस्तीफा’

नई दिल्ली। संसद में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है बशर्ते विपक्ष हंगामा न करे, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दोनों नेताओं ने सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे तक की मांग कर डाली है।

इमरान प्रतापगढ़ी का तीखा हमला: ‘गृह मंत्री नहीं दे सकते जवाब तो दें इस्तीफा’

केंद्रीय मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सरकार की शर्तों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ये तो मजबूर होकर कह रहे हैं कि अगर विपक्ष हंगामा नहीं करेगा तो हम चर्चा के लिए तैयार हैं। आप ‘किन्तु-परंतु’ क्यों कर रहे हैं? देश की संसद चर्चा के लिए ही बनी है, इसलिए आइए और जवाब दीजिए, संसद से भागिए मत।”

उन्होंने कड़े शब्दों में आगे कहा, “अगर गृह मंत्री जी संसद में आकर इन मामलों का जवाब नहीं दे सकते हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी और को गृह मंत्री नियुक्त कर देंगे। जैसे शिक्षा मंत्री बदले गए, वैसे ही कोई दूसरा गृह मंत्री आकर जवाब दे देगा।”

पप्पू यादव का पलटवार: ‘जनता की बात सुनना मजबूरी नहीं, हक है’

वहीं, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी किरेन रिजिजू के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार जनता और विपक्ष के हितों के अनुकूल काम नहीं कर रही है। पप्पू यादव ने कहा, “किरेन रिजिजू जी अपने हिसाब से तैयार हैं, वे देश की जनता के हिसाब से तैयार नहीं हैं। विपक्ष तो देश के बच्चों की बात कर रहा है, विपक्ष देश की आस्था की बात कर रहा है।”

सांसद ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “आप कह रहे हैं कि बच्चों की बात आप मत करिए और सरकार जो कह रही है, विपक्ष उसे चुपचाप सुने। यह तानाशाही कहां से संभव होगी?”


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं