छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर बहस और जवाब दोनों देंगे गृह मंत्री अमित शाह, विपक्ष को सदन में नहीं करना चाहिए हंगामा: किरेन रिजिजू
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संसद में आकर बयान देने की कांग्रेस की मांग पर आज संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों के विरोध प्रदर्शन से जुड़े हर मुद्दे पर विस्तृत चर्चा और बहस के लिए पूरी तरह तैयार है, और गृह मंत्री अमित शाह इस पर न केवल बयान देंगे बल्कि पूरी चर्चा का जवाब भी देंगे।
‘गृह मंत्री देंगे बयान और चर्चा का जवाब’
मीडिया से बातचीत करते हुए किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी की मांग का जिक्र करते हुए कहा, “राहुल गांधी ने मांग की थी कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बारे में संसद में बयान दें। हमने बिल्कुल साफ कर दिया है कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर न सिर्फ बयान देंगे, बल्कि पूरी बहस और चर्चा के बाद हर सवाल का जवाब भी देंगे।”
उन्होंने बताया कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में सरकार ने अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सरकार सदन में हर मुद्दे पर बात करने को तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे सदन में हंगामा न करें और कार्यवाही में बाधा न डालें।
‘कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को अपने मतभेद सुलझाने होंगे’
संसद के कामकाज में आ रही बाधाओं और विपक्ष के रुख पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने अपना प्रस्ताव और पक्ष सदन के सामने रख दिया है। अब यह कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) पर निर्भर करता है कि वे अपने आपसी मतभेदों को सुलझाएं, क्योंकि उनके बीच कुछ अंतर देखने को मिल रहे हैं। रिजिजू ने जोर देकर कहा कि छात्रों के गंभीर मुद्दे पर सरकार चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार है, और अब गेंद विपक्ष के पाले में है।
इसे भी पढ़ें: LIVE : झारखंड विधान सभा पहुंचे छात्र
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का बड़ा बयान:
वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि छात्र आंदोलन के समय बच्चों पर जो अत्याचार हुआ, जो पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, पुलिस द्वारा लड़कियों पर जो प्रहार हुआ, बिहार में AK-47 का जो इस्तेमाल हुआ, ये सब गृह मंत्री अमित शाह के संज्ञान में हुआ या उनके संज्ञान में नहीं हुआ ? इसको लेकर गृह मंत्री सदन में अपनी बात रखें।
न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए गोगोई ने कहा कि विपक्ष की दूसरी मांग है राम मंदिर ट्रस्ट में जो घोटाला हुआ उसको लेकर सदन में चर्चा हो लेकिन सरकार के तरफ से ना गृह मंत्री के लिए कोई स्पष्टीकरण है, क्या वे राम मंदिर पर चर्चा में भाग लेंगे? इस पर भी स्पष्टीकरण नहीं मिला है विपक्ष को गुमराह करने की कोशिश सरकार की तरफ से देख रहे हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
