निजीकरण की अफवाहों पर आया ISRO का जवाब, कही ये बात

निजीकरण की अफवाहों पर आया ISRO का जवाब, कही ये बात

नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइज़ेशन (ISRO) के निजीकरण को लेकर मीडिया में कई तरह की चल रही खबरों पर आज ISRO ने अपनी ख़ामोशी तोड़ते हुए कहा कि ISRO के निजीकरण की ख़बरें और इससे जुड़े दावे पूरी तरह निराधार हैं।

गौरतलब है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के निजीकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से मीडिया में तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अब स्पेस एजेंसी ने इस तरह की अटकलों पर विराम लगाया है।

सोशल मीडिया पर इसरो का स्पष्टीकरण

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक आधिकारिक पोस्ट जारी करते हुए इसरो ने कहा, “ये दावे पूरी तरह से बेबुनियाद और गलत हैं। हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि न तो ISRO का निजीकरण किया जाएगा और न ही इसका महत्व कम किया जाएगा।”

एजेंसी ने जोर देकर कहा कि इसरो एडवांस्ड स्पेस रिसर्च, टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट, राष्ट्रीय और रणनीतिक मिशनों, स्पेस साइंस तथा अग्रणी अंतरिक्ष क्षमताओं के लिए देश की प्रमुख संस्था के रूप में हमेशा काम करता रहेगा।

निजी क्षेत्र की भागीदारी का असली मकसद क्या है?

स्पेस सेक्टर में प्राइवेट कंपनियों और स्टार्टअप्स की एंट्री को लेकर इसरो ने स्थिति स्पष्ट की है कि इसका मतलब इसरो की भूमिका को कम करना बिल्कुल नहीं है। एजेंसी ने साफ़ किया कि अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों का उद्देश्य इसरो की अहमियत घटाना नहीं, बल्कि देश के स्पेस इकोसिस्टम के पैमाने और ढांचे को बड़ा करना है।

ISRO ने अपने पोस्ट में कहा कि इसरो पहले ही कई मैच्योर टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री को ट्रांसफर कर चुका है। तकनीक के हस्तांतरण का यह मतलब नहीं है कि इसरो उस क्षेत्र से पीछे हट रहा है।

एजेंसी ने कहा कि कमर्शियल और बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन का काम इंडस्ट्री संभालने से इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को अगली पीढ़ी की अंतरिक्ष तकनीकों और जटिल राष्ट्रीय मिशनों पर ध्यान केंद्रित करने का अधिक अवसर मिलेगा।

इसरो ने कहा कि इन बदलावों को ‘निजीकरण’ के रूप में नहीं, बल्कि देश के अंतरिक्ष इकोसिस्टम के विस्तार और क्षमताओं में बढ़ोतरी के रूप में देखा जाना चाहिए।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।