पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज: दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द होने पर भड़का गुस्सा
पटना: दरोगा बहाली की मुख्य परीक्षा रद्द होने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़को पर उतर आया है, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी और जाम का माहौल बन गया।
गांधी मैदान से मार्च निकालते हुए जब ये छात्र आगे बढ़े, तो पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास उन्हें रोकने की कोशिश की। गुस्साए अभ्यर्थियों ने जैसे ही सुरक्षा घेरा तोडा, पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।
लाठियां चलने के बाद छात्रों की भीड़ बिखर गई और वे डाकबंगला चौराहे की तरफ कूच कर गए।
पूरी परीक्षा रद्द करने पर भड़के अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद प्रारंभिक प्रक्रिया और मेंस परीक्षा पास की थी, जिसमें करीब 10,000 अभ्यर्थियों का परिणाम जारी हुआ था।
अब कुछ शिक्षा माफियाओं और छात्र नेताओं की शिकायतों के आधार पर पूरी मेंस परीक्षा रद्द किए जाने का फैसला उनके भविष्य के साथ बड़ा अन्याय है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि यदि किसी केंद्र पर गड़बड़ी हुई थी, तो केवल वहीं कार्रवाई होनी चाहिए थी, न कि पूरी परीक्षा रद्द की जानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: जाति जनगणना को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।
पिछले करीब चार महीने से शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का कहना है कि अचानक परीक्षा रद्द होने से उनकी और उनके परिवारों की उम्मीदें टूट गई हैं, और कई छात्रों की उम्र सीमा भी पार होने की कगार पर है।
उन्होंने मांग की है कि परीक्षा रद्द करने का आदेश वापस लिया जाए और जल्द से जल्द शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख घोषित की जाए।
इस बीच, पटना प्रशासन ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत के जरिए रास्ता निकालने को कहा है।
अधिकारियों का कहना है कि चक्काजाम करने के बजाय अभ्यर्थी अपने कुछ प्रतिनिधियों को सरकार से बात करने के लिए भेजें, क्योंकि सड़कों पर हंगामे से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। फिलहाल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
