महाराष्ट्र में फिर गरमाया मराठा आरक्षण मुद्दा, आज से आमरण अनशन पर मनोज

महाराष्ट्र में फिर गरमाया मराठा आरक्षण मुद्दा, आज से आमरण अनशन पर मनोज

महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग कर रहे मनोज जरांगे पाटिल आर-पार के मूड में आ गए हैं। जरांगे पाटिल ने आजाद मैदान में आमरण अनशन शुरू करने के बाद विजय मामला आने तक हटने से मना कर दिया है। जरांगे ने कहा है कि मुंबई नहीं छोडूंगा।

मुंबई: महाराष्ट्र में मराठा समाज के लिए आरक्षण की मांग कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने मुंबई पहुंचते ही अपने तेवर कड़े कर लिए हैं।

गणेशोत्सव की धूम के बीच मुंबई के आजाद मैदान में हजारों प्रदर्शनकारियों के सामने अपना आमरण अनशन शुरू करते हुए जरांगे ने स्पष्ट किया कि चाहे गोलियां भी चलें, वे पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वे मुंबई छोड़कर नहीं जाएंगे और जेल जाने पर भी अनशन जारी रखेंगे।

आजाद मैदान पहुंचने पर जरांगे पाटिल का जोरदार स्वागत किया गया, जहां चारों तरफ भगवा झंडे, छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीरें और ‘एक मराठा-लाख मराठा’ के नारे गूंज रहे हैं।

मैदान पूरी तरह प्रदर्शनकारियों से भर गया है और मराठों ने एक तरह से मुंबई को जाम कर दिया है। सरकार द्वारा विरोध प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने पर जरांगे ने पुलिस और प्रशासन को सहयोग देने की बात कही है।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करें, कहीं भी पत्थर न फेंकें, पुलिस के काम में बाधा न डालें और शराब पीकर अराजकता फैलाकर समुदाय का नाम खराब न होने दें।

जरांगे ने प्रदर्शनकारियों को अगले दो घंटों में गाड़ियां हटाकर मुंबई के रास्तों को खाली कराने के निर्देश भी दिए।

आंदोलन के प्रति अपनी दृढ़ता दिखाते हुए जरांगे ने कहा कि वे मरने को तैयार हैं लेकिन पीछे नहीं हटेंगे और जब तक विजय माला उनके सिर पर नहीं आ जाती, यह आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना यह है कि महाराष्ट्र सरकार इस बड़ी चुनौती से कैसे निपटती है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।