राहुल गांधी का दावा: एक साल के अंदर गिर जाएगी मोदी सरकार, मेरी भविष्यवाणी नहीं होती गलत
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है।
राहुल गांधी ने भविष्यवाणी की है कि केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार ज्यादा दिनों की मेहमान नहीं है और अगले एक साल के भीतर ही यह सरकार गिर जाएगी।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उनकी भविष्यवाणियां आमतौर पर गलत नहीं होती हैं। राहुल गांधी के इस बयान के बाद देश का सियासी पारा गरमा गया है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पलटवार किया है।
अल्पसंख्यक समिति की बैठक में किया दावा
यह पूरा विवाद नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में आयोजित कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की नेशनल एडवाइजरी काउंसिल की बैठक से शुरू हुआ।
इस बैठक में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी समेत सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध समुदायों के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद थे।
इसी बैठक के दौरान अंदरूनी चर्चा में राहुल गांधी ने देश के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों का हवाला देते हुए कहा, “गठबंधन की यह सरकार बेहद नाजुक स्थिति में है। देश का राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है। मैं आपको बता रहा हूं, आप लिखकर ले लीजिए, अगले एक साल के अंदर यह मोदी सरकार गिर जाएगी। मेरी राजनीतिक समझ और भविष्यवाणियां गलत नहीं होती हैं।”
इसे भी पढ़ें: प्रियांक खरगे का RSS प्रमुख को पत्र, पूछा “रजिस्टर्ड संगठन नहीं, तो किस कानून के तहत कर रहा काम”
राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं और हर समुदाय (हिंदू, मुस्लिम, दलित, सिख, ईसाई) के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ें, क्योंकि देश जल्द ही एक बड़े राजनीतिक बदलाव का गवाह बनने जा रहा है।
बीजेपी का पलटवार: “देश में अराजकता फैलाने की विदेशी साजिश”
राहुल गांधी के इस बयान की खबर जैसे ही बाहर आई, भाजपा ने मोर्चा संभाल लिया। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने एक वीडियो संदेश जारी कर राहुल गांधी पर देश को अस्थिर करने और अराजकता फैलाने का गंभीर आरोप लगाया।
बीजेपी सांसद संबित पात्र ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा,”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर अपनी गैर-जिम्मेदाराना मानसिकता दिखाई है। वह देश में दंगे भड़काने और अराजकता के जरिए चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश रच रहे हैं।”
पात्रा ने बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी विदेशी ताकतों और जॉर्ज सोरोस जैसी संस्थाओं के इशारे पर काम कर रहे हैं, जो उनकी विदेश यात्राओं को फंड करते हैं।
पात्रा ने कहा कि यह सरकार देश की 140 करोड़ जनता के आशीर्वाद और संविधान के तहत चल रही है, इसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाया कि हाल ही में हुए असम और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस को उसकी जमीन दिखा दी है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
