NEET UG 2026: पूरे घोटाले से उठने लगा पर्दा, सच्चाई जानकर हो जाएंगे हैरान

NEET UG 2026: पूरे घोटाले से उठने लगा पर्दा, सच्चाई जानकर हो जाएंगे हैरान

नई दिल्लीं। NEET-UG 2026 पेपर लीक और घोटाले को लेकर पिछले 24 से 48 घंटों में कई बड़े और चौंकाने वाले अपडेट्स सामने आए हैं।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत जांच का दायरा अब महाराष्ट्र के नांदेड़ तक फैल गया है, जहां CBI की टीम ने एक स्थानीय परिवार के घर पर करीब 8 घंटे से ज्यादा समय तक सघन तलाशी ली।

जांच में सामने आया है कि इस परिवार ने अपनी बेटी के लिए 5 लाख रुपये में लीक हुआ नीट का पेपर खरीदा था। आरोपी छात्रा पर शक तब गहराया जब पता चला कि वह कोचिंग के प्रैक्टिस टेस्ट में सिर्फ 100 से 120 नंबर ला पा रही थी, लेकिन मुख्य नीट परीक्षा में उसका स्कोर अचानक उछलकर करीब 560 नंबर तक पहुंच गया।

इसके अलावा CBI की एक अन्य टीम ने नांदेड़ में ही गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार के दफ्तर और घर पर छापा मारकर परिजनों से लंबी पूछताछ की है।

इस पूरे लीक कांड के मुख्य सरगना और पुणे के केमिस्ट्री लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को भी CBI ने गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा संचालन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था और इसी वजह से उसकी पहुंच प्रश्नपत्रों तक थी।

जांच में खुलासा हुआ है कि कुलकर्णी ने अप्रैल के आखिरी हफ्ते में ब्यूटी सैलून मालिक मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को इकट्ठा किया और अपने पुणे स्थित घर पर स्पेशल क्लास लेकर छात्रों को हूबहू वही सवाल और जवाब रटवाए, जो 3 मई की परीक्षा में आए थे। छात्रों की कॉपियों से मिले हाथ से लिखे नोट्स असली पेपर से शत-प्रतिशत मैच हो गए हैं।

देशव्यापी आक्रोश और पुख्ता सबूत मिलने के बाद NTA ने 3 मई को हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया है और अब यह री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसके एडमिट कार्ड 14 जून को जारी कर दिए जाएंगे।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया है कि सरकार एग्जाम माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी।

उन्होंने घोषणा की है कि इस घोटाले की सबसे बड़ी वजह रहे ओएमआर शीट और ऑफलाइन मोड को पूरी तरह खत्म किया जाएगा और अगले साल 2027 से नीट की परीक्षा अनिवार्य रूप से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।

फिलहाल CBI जयपुर, गुरुग्राम, नासिक और पुणे समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें डमी कैंडिडेट बिठाने वाले, वॉट्सऐप पर पेपर सर्कुलेट करने वाले और सॉल्वर गैंग के लोग शामिल हैं, और कोर्ट की निगरानी में यह जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।