भाजपा की कोई भी चालाकी 2027 के चुनाव में काम नहीं आएगी: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उसके दोनों कार्यकाल बिना किसी उपलब्धि के खत्म होने की कगार पर हैं और इस दौरान भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं।
शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन में किसानों की फसलों की लूट हो रही है, नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है और महिलाएं पूरी तरह उपेक्षित व अपमानित हैं।
राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति को बदतर बताते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि सरकार ने प्राइमरी स्कूलों की दुर्दशा कर दी है, जिसके चलते लगभग 70 हजार स्कूल बंद हो गए हैं और हजारों स्कूलों में दाखिला शून्य हो गया है। इसके अलावा, अस्पतालों में मरीजों को दवा और इलाज न मिलने के कारण वे दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
भाजपा को एक चालाक और अहंकारी पार्टी बताते हुए सपा प्रमुख नेता ने कहा कि इसने लोकतंत्र को धोखा दिया है। उन्होंने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक गैंग की तरह काम कर रही है, जिसके लोग गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कर रहे हैं।
भाजपा ने भूमाफियाओं को न सिर्फ पैदा किया है बल्कि उन्हें संरक्षण भी दे रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव राज्य की जनता के भविष्य का चुनाव है, जहाँ जनता भाजपा से उसके दो दशकों का हिसाब मांगेगी और अपनी ताकत से उसका सफाया कर देगी।
इसे भी पढ़ें: ममता बनर्जी से मिले अखिलेश यादव; बोले— तानाशाही के खिलाफ इस लड़ाई में हम दीदी के साथ हैं
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे और रणनीतियां अपनाएगी, लेकिन इस बार उसकी कोई भी चालाकी काम नहीं आएगी क्योंकि जनता कुशासन से बेहद नाराज है।
उन्होंने दावा किया कि पूरी जनता और ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज पूरी तरह से सपा के साथ है और वे भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए आतुर हैं। समाजवादी पार्टी के दृष्टिकोण को व्यापक बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा विकास, सामाजिक न्याय और सबको साथ लेकर चलने की राजनीति करती है, जबकि भाजपा सामाजिक न्याय और आरक्षण विरोधी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए का हक छीनकर आरक्षण की लूट कर रही है, लेकिन संख्या और जनाधार के मामले में वह पीडीए के सामने कहीं नहीं टिकती।
अंत में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा के लिए 2027 के चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रही है ताकि भाजपा को सत्ता से हटाया जा सके।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
