रेड के दौरान मोहाली में ‘नोटों की बारिश’, फ्लैट से फेंके गए 21 लाख के बैग

रेड के दौरान मोहाली में ‘नोटों की बारिश’, फ्लैट से फेंके गए 21 लाख के बैग

चंडीगढ़: पंजाब के रियल एस्टेट सेक्टर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी ने उस वक्त नाटकीय मोड़ ले लिया, जब एक बिल्डर के फ्लैट से नोटों से भरे बैग नीचे फेंक दिए गए। गुरुवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मोहाली के सनटेक सिटी में जब ईडी की टीम पहुंची, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने फ्लैट की ऊपरी मंजिल से दो बैग नीचे फेंक दिए। जमीन पर गिरते ही बैग खुल गए और 500-500 रुपये के नोट पूरी सोसायटी में बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दृश्य किसी फिल्मी सीन जैसा था, जिसे देख वहां मौजूद निवासियों का तांता लग गया।

सूत्रों के हवाले से खबर है कि बैगों में करीब 21 लाख रुपये की नकदी थी, जिसे ईडी ने जब्त कर लिया है।

जांच एजेंसी की यह कार्रवाई सनटेक सिटी, अल्टस बिल्डर्स, एबीएस टाउनशिप्स, अजय सहगल और धीर कंस्ट्रक्शंस जैसे बड़े नामों के खिलाफ केंद्रित है।

मोहाली और चंडीगढ़ सहित कुल 12 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।

इस छापेमारी के तार राज्य सरकार के एक कद्दावर नेता के करीबियों से जुड़ते दिख रहे हैं। हालांकि, विभाग ने अभी तक किसी राजनेता के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ईडी के अधिकारी फिलहाल जांच की गोपनीयता बनाए हुए हैं और बरामद दस्तावेजों व नकदी का मिलान किया जा रहा है।

रियल एस्टेट कारोबारियों और सफेदपोशों के बीच के इस गठजोड़ पर ईडी की चुप्पी किसी बड़े धमाके की ओर इशारा कर रही है। गुरुवार सुबह से शुरू हुई यह कार्रवाई देर रात तक चलने की संभावना है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।