जंतर-मंतर पर विपक्षी एकजुटता: वांगचुक के समर्थन में आज जुटेंगे अरविंद केजरीवाल

जंतर-मंतर पर विपक्षी एकजुटता: वांगचुक के समर्थन में आज जुटेंगे अरविंद केजरीवाल

सोनम वांगचुक के आंदोलन को मिला बड़ा राजनीतिक समर्थन 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक के समर्थन में आज अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं, जबकि इससे पहले सांसद प्रिया सरोज और चंद्रशेखर भी उनसे मिलने पहुंचे थे

 

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार 19वें दिन भी जारी है।

विभिन्न राजनीतिक दलों के कई बड़े नेताओं और समर्थकों की अपील के बावजूद वांगचुक ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म करने से मना कर दिया है. इस बीच दिग्गज हस्तियों का उनसे मिलने और हालचाल जानने का सिलसिला लगातार जारी है।

इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी गुरुवार शाम वांगचुक से मुलाकात करने जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र के अमरावती से कांग्रेस सांसद बलवंत बसवंत वानखेड़े भी उनसे मिलने आने वाले हैं।

केजरीवाल के दौरे को देखते हुए जंतर-मंतर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

दरअसल, केजरीवाल ने NEET-UG और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से जारी इस विरोध-प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है, जिसमें वांगचुक बाद में 28 जून को शामिल हुए थे और तभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई को संसद तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की भी घोषणा की है, जिसके समर्थन में विपक्षी नेता लामबंद हो रहे हैं।

इस आंदोलन को राजनीतिक गलियारों से भारी समर्थन मिल रहा है। तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद साकेत गोखले ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर कहा है कि पिछले कई दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को अगर कुछ भी हुआ, तो इसके लिए केंद्र सरकार ही जिम्मेदार होगी।

वहीं, महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया से कांग्रेस सांसद प्रशांत पडोले ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर वांगचुक से मुलाकात की और 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल होने का भरोसा दिया।

उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज और नगीना से निर्दलीय सांसद व भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया है।

इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फोन पर वांगचुक का हालचाल जाना और अपनी पार्टी का ‘खुला समर्थन’ देने की बात कही, जबकि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी सभी दलों से राजनीति से ऊपर उठकर इस आंदोलन के साथ खड़े होने की अपील की है।

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद भी पूर्व में वांगचुक से मुलाकात कर अपना समर्थन जता चुके हैं।

वहीं सिक्किम की सिटिजन एक्शन पार्टी ने भी वांगचुक के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से प्रदर्शनकारियों के साथ ‘रचनात्मक संवाद’ शुरू करने की अपील की है।

राजनीतिक दलों के साथ-साथ फिल्म जगत की कई दिग्गज हस्तियां भी सोनम वांगचुक के समर्थन में आगे आई हैं. प्रसिद्ध अभिनेत्री शबाना आजमी और सोनी राजदान ने सोशल मीडिया के माध्यम से वांगचुक से अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को खत्म करने की भावुक अपील की है।

शबाना आजमी ने कहा कि देश को उनके जैसे और लोगों की जरूरत है, जबकि सोनी राजदान ने उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की। जाने-माने फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने भी वांगचुक का समर्थन करते हुए उन्हें बेहद बहादुर इंसान बताया है।

इसके साथ ही, दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने भी पिछले दिनों केंद्र सरकार से वांगचुक के साथ तुरंत बातचीत शुरू करने की अपील की थी और कहा था कि देश को अपने सबसे प्रतिभाशाली लोगों में से एक को इस तरह कुर्बान होते हुए नहीं देखना चाहिए। फिलहाल, वांगचुक अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और उनके इस आंदोलन को समाज के हर वर्ग से व्यापक समर्थन मिल रहा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।