वंदे मातरम विवाद पर प्रमोद तिवारी बोले, ‘ये बीजेपी का एक और घटिया झूठ है’

वंदे मातरम विवाद पर प्रमोद तिवारी बोले, ‘ये बीजेपी का एक और घटिया झूठ है’

नई दिल्ली। कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम गाये जाने को लेकर पैदा हुए विवाद पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने वंदे मातरम विवाद पर भाजपा के आरोपों को बताया ‘घटिया और झूठा’

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने शनिवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम गान को लेकर और वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे तथा राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर भाजपा जो आरोप लगा रही है, वे पूरी तरह घटिया, स्तरहीन और झूठे हैं।

तिवारी ने कहा, “भाजपा एक घटिया, स्तरहीन आरोप लगा रही है जो झूठा है। यह उतना ही झूठा है, जितना भाजपा का राष्ट्रप्रेम।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए पूछा, “भूल गए जब वंदे मातरम गाकर हम कांग्रेस के झंडे के साथ अंग्रेजों की लाठियां खा रहे थे? तब भाजपा का मातृ संगठन अंग्रेजों के साथ खड़ा था और देश की आजादी का विरोध कर रहा था।”

उन्होंने सोनिया गांधी पर लगे आरोपों को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए कहा कि भाजपा सोनिया गांधी जैसी महान शख्सियत पर झूठे और ओछे आरोप लगा रही है। राज्यसभा में हुई घटना का जिक्र करते हुए तिवारी ने बताया, “एक दिन पहले जब राज्यसभा में सत्रावसान हुआ था तो वंदे मातरम का गायन हुआ था। सोनिया गांधी के बगल वाली सीट मेरी है… खड़े होकर वंदे मातरम के एक-एक शब्द से उन्होंने स्वर मिलाया था।”

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को अपने लोगों पर भरोसा है तो केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से पूछ लें। शिष्टाचार भेंट के दौरान सोनिया गांधी ने रिजिजू की तारीफ की थी कि उनके होंठ लगातार वंदे मातरम पर चल रहे थे, जो अच्छी बात है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने निष्कर्ष निकालते हुए कहा, “जिसने आपके मंत्री की वंदे मातरम पर प्रशंसा की हो, उस पर ऐसा घटिया, स्तरहीन आरोप लगाना भाजपा की घटिया मानसिकता की परिचायक है।”

गौरतलब है कि इस मामले में नैहाटी से भाजपा विधायक और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के वंशज सुमित्रो चटर्जी ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर हुए विवाद पर दुख जताया है। उन्होंने सोनिया गांधी से भारत के नागरिकों, खासकर पश्चिम बंगाल के लोगों से बिना शर्त माफ़ी मांगने की मांग की।

अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला हमला:

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाते हुए, देश से माफ़ी मांगने की मांग की है। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ गाया जा रहा था। गान के दौरान, सोनिया गांधी का ये पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।