छात्रा से कीं अश्लील बातें, पेपर लीक का दिया ऑफर, प्रोफेसर गिरफ्तार

छात्रा से कीं अश्लील बातें, पेपर लीक का दिया ऑफर, प्रोफेसर गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की लखनऊ यूनिवर्सिटी में जूलॉजी विभाग के एक असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह का एक छात्रा के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। ZH7TV इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।

इस वायरल ऑडियो में प्रोफेसर बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा पर छुट्टी से जल्दी वापस आने का दबाव बनाते, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और परीक्षा का प्रश्नपत्र पहले ही लीक करने का लालच देते हुए सुने जा रहे हैं।

ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा को अपने केबिन में मिलने के लिए बुलाते हैं और कहते हैं कि उन्होंने उसके लिए पेपर आउट करा दिया है और वह उसकी हर तरह से मदद करेंगे, हालांकि छात्रा ने स्पष्ट रूप से पेपर देखने से इनकार करते हुए कहा कि उसकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है।

इस घटना से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने मामले की शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की, जिसके बाद यह पूरा विवाद सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रॉक्टर ऑफिस का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हसनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर लखनऊ पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर परमजीत सिंह को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि, हिरासत में लिए जाने से पहले प्रोफेसर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि यूनिवर्सिटी की आंतरिक राजनीति के कारण उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है।

इस पूरे संवेदनशील मामले की आंतरिक जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) को आदेश दिया है कि वह अगले 24 घंटे के भीतर मामले की गहन जांच कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपे।

वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर स्पष्ट किया है कि संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक माहौल को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में यूनिवर्सिटी “जीरो-टॉलरेंस” (शून्य सहनशीलता) की नीति अपनाती है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।