छात्रों पर लाठीचार्ज पर भड़के राहुल गांधी, पीएम मोदी को बताया ‘युवा-विरोधी’
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को युवा-विरोधी करार दिया और पेपर लीक मामले में सरकार से जवाब की मांग की
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास का सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री करार दिया और कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए युवाओं पर अत्याचार कर रही है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे लगभग 7.5 करोड़ छात्र-छात्राएं प्रभावित हुए हैं, लेकिन किसी दोषी को सजा देने के बजाय अपने हक की आवाज उठाने वाले मेहनती छात्रों को पुलिस हिरासत और लाठियां मिल रही हैं।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी इस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को छात्रों पर लाठी चलाने के बजाय अपनी गलत नीतियों और अक्षमताओं की समीक्षा करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: ‘आप बीजेपी के हो क्या?’: पुलिसवालों के परिजनों के सवाल पर बोले राहुल गांधी
उन्होंने नीट परीक्षा में लगातार हो रही गड़बड़ियों पर सवाल उठाते हुए संसद में इस विषय पर विस्तृत चर्चा कराने और प्रधानमंत्री से युवाओं को जवाब देने की मांग की।
पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ जंतर-मंतर पर लंबे समय से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को संसद मार्च का आह्वान किया था।
20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा जबरन हटाए जाने के बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में युवा संसद मार्च में शामिल हुए।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग, आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का सहारा लिया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
