संजय राउत का सरकार पर निशाना, “अब कॉकरोचों से डर गई है सरकार”

संजय राउत का सरकार पर निशाना, “अब कॉकरोचों से डर गई है सरकार”

दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा धांधली के खिलाफ चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बड़े आंदोलन पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत का तीखा बयान सामने आया है। राउत ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है

नई दिल्ली। नीट (NEET-UG) पेपर लीक विवाद और परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन ने अब देश की सियासत में भूचाल ला दिया है।

इस अनोखे छात्र आंदोलन को लेकर शिवसेना (UBT) के फायरब्रांड नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय राउत ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगार और परेशान है। जब उनकी बात नहीं सुनी जा रही, तो वे प्रतीकात्मक रूप से ‘कॉकरोच’ बनकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार विपक्ष को खत्म करने का दावा करती थी, वह आज सोशल मीडिया से उपजे इस युवा आंदोलन से बुरी तरह डर गई है।

‘मीडिया पर आंदोलन को न दिखाने का भारी दबाव’

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की संख्या और हो रहे हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि सरकार पूरी ताकत लगाकर इस छात्र आंदोलन को कुचलना चाहती है।

संजय राउत ने कहा, “यह बेहद सराहनीय बात है कि देश का युवा अपने भविष्य और हक के लिए एक मंच पर खड़ा हुआ है। लेकिन सरकार इस आंदोलन से इतनी घबरा गई है कि उसने दिल्ली में भारी पुलिस और प्रशासनिक तंत्र लगा दिया है। मुख्यधारा की मीडिया पर भी भारी दबाव बनाया जा रहा है ताकि जंतर-मंतर की तस्वीरें और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग देश के बाकी हिस्सों तक न पहुंच सके। अगर यह आंदोलन पूरी तरह सफल होता है, तो सरकार को अपनी तानाशाही खत्म करनी पड़ेगी।”

उद्धव ठाकरे ने भी चेताया— ‘युवाओं को कम आंकने की भूल न करे केंद्र’

संजय राउत ने सोशल मीडिया पर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे का एक संदेश भी साझा किया। इस संदेश में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जंतर-मंतर पर कड़कती धूप में बैठे छात्रों का समर्थन किया।

हक मांगना अपराध नहीं: उद्धव ठाकरे ने कहा कि जिन युवाओं का भविष्य नीट पेपर लीक ने बर्बाद कर दिया, वे न्याय मांग रहे हैं। उन्हें “कॉकरोच” कहकर संबोधित करना या उनकी उपेक्षा करना बेहद अनुचित है।

बड़ी चेतावनी: ठाकरे ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “युवा इस देश का भविष्य हैं। केंद्र सरकार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे इन युवाओं को कम आंकने की भूल बिल्कुल न करे। यह आंदोलन सिर्फ एक शुरुआत है।”


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।