सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस: 22 आरोपियों को बरी किये जाने के फैसले को सुप्रीमकोर्ट में चुनौती

सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस: 22 आरोपियों को बरी किये जाने के फैसले को सुप्रीमकोर्ट में चुनौती

नई दिल्ली। बहुचर्चित सोहराबुद्दीन एनकाउंटर मामले में 22 लोगों को बरी किये जाने के बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर की गई है। यह याचिका सोहराबुद्दीन के छोटे भाई नयाबुद्दीन शेख ने दायर की है।

गौरतलब है हाईकोर्ट ने सोहराबुद्दीन, उनकी पत्नी कौसर बी और सहयोगी तुलसीराम प्रजापति की कथित फर्जी एनकाउंटर में हत्या के मामले में 21 पुलिसकर्मियों समेत सभी 22 आरोपियों के बरी होने के फैसले को बरकरार रखा था।

याचिका में इस मामले में सीबीआई को प्रतिवादी बनाया गया है। इस याचिका पर सुनवाई कब होगी इस बारे में अभी तक सुप्रीमकोर्ट की वेबसाइट पर कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। हालांकि इस याचिका को अभी 90 दिनों के लिए मान्य डिफेक्ट लिस्ट में रखा गया है।

बॉम्बे हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के फैसले के खिलाफ याचिका दायर की गई है। इस बेंच ने दिसंबर 2018 में स्पेशल सीबीआई कोर्ट द्वारा सभी 22 आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली सोहराबुद्दीन के भाइयों की अपीलों को खारिज कर दिया था।

हाईकोर्ट ने 7 मई को दिए अपने फैसले में निचली अदालत के निष्कर्षों में किसी भी तरह का दखल देने से साफ इनकार कर दिया था। अदालत का कहना था कि अभियोजन पक्ष पुख्ता और भरोसेमंद सबूतों के माध्यम से कथित साजिश तथा हत्याओं के आरोपों को साबित करने में असफल रहा है।

क्या है पूरा मामला:

यह प्रकरण 22-23 नवंबर, 2005 की रात हैदराबाद से सांगली जाने वाली एक लग्जरी बस से सोहराबुद्दीन शेख, कौसर बी तथा प्रजापति के कथित अपहरण से संबद्ध है।

अभियोजन पक्ष के बयानों के मुताबिक, नवंबर 2005 के दौरान अहमदाबाद के समीप गुजरात एवं राजस्थान पुलिस बल के कर्मियों के एक साझा दल ने कथित तौर पर एक फर्जी मुठभेड़ में सोहराबुद्दीन को मार गिराया था। इसके कुछ दिनों पश्चात सोहराबुद्दीन की पत्नी कौसर बी की भी कथित रूप से हत्या कर दी गई और उनके शव को बिना किसी सुराग के ठिकाने लगा दिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम में मुख्य चश्मदीद गवाह समझे जाने वाले प्रजापति की भी बाद में दिसंबर 2006 के दौरान गुजरात-राजस्थान सीमा के पास एक अन्य कथित फर्जी मुठभेड़ में जान ले ली गई थी।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।