केरल सीएम पर सस्पेंस: दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बड़ी बैठक आज
नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस नीत यूडीएफ की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। दिल्ली में आलाकमान की बैठकों का दौर जारी है और माना जा रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों के भीतर नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।
केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर जारी सस्पेंस खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलने के बावजूद पार्टी अब तक मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला नहीं कर पाई है। ऐसे में आज दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बड़ी बैठक होने जा रही है, जिसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का एलान होने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस नेतृत्व आज पूर्व केपीसीसी अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों से राय-मशविरा करेगा। पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है, जिनमें वी एम सुधीरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन, के मुरलीधरन, के सुधाकरन और एम एम हसन शामिल हैं।
इसके अलावा वरिष्ठ विधायक तिरुवंचूर राधाकृष्णन और कार्यकारी अध्यक्ष पी सी विष्णुनाथ, शफी परंबिल और ए पी अनिल कुमार भी बैठक में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इन चर्चाओं के बाद कांग्रेस हाईकमान मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला ले सकता है।
फिलहाल तीन बड़े नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: आकाश आनंद की बड़ी वापसी: 28 को बुलंदशहर से करेंगे चुनावी आगाज
रमेश चेन्निथला, वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल
इससे पहले कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने केरल के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात कर उनकी राय ली थी। इसके बाद तीनों दावेदारों और केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ के साथ भी अलग-अलग बातचीत हुई, लेकिन अभी तक किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई है।
कांग्रेस नेतृत्व किसी भी गुट में नाराजगी नहीं चाहता। यही वजह है कि हाईकमान लगातार अलग-अलग नेताओं से राय लेकर व्यापक सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान के बाद अंदरूनी कलह खुलकर सामने न आए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में आज होने वाली बैठकों के बाद मुख्यमंत्री के नाम का एलान जल्द किया जा सकता है। हालांकि अंतिम निर्णय पूरी तरह कांग्रेस हाईकमान पर निर्भर करेगा।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
