सपा के पाले में कांग्रेस की गेंद; यूपी चुनाव में सवा सौ से ज्यादा सीटों पर जताया हक

सपा के पाले में कांग्रेस की गेंद; यूपी चुनाव में सवा सौ से ज्यादा सीटों पर जताया हक

उत्तर प्रदेश: यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन के दोनों बड़े दलों में भीतर ही भीतर रस्साकशी शुरू हो गई है। कांग्रेस आलाकमान ने बहुत ही गुपचुप तरीके से समाजवादी पार्टी को अपनी पसंदीदा सीटों की एक फेहरिस्त सौंपी है, जहां वह चुनाव लड़ना चाहती है।

हालाँकि दोनों तरफ से अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे है कि कांग्रेस ने लगभग सवा सौ से ज्यादा सीटों पर दावा ठोका है। वही, अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा इतनी ज्यादा सीटें कांग्रेस के खाते में डालने के पक्ष में नहीं दिख रही है।

खरगे की सूची अखिलेश के पास

इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा तैयार की गई संभावित सीटों की एक सूची सीधे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंप दी गई है। यह सूची हाल ही में दिल्ली में यूपी के नेताओं और प्रियंका गांधी के साथ हुई बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर बनाई गई है।

वहीं, सपा नेतृत्व ने कांग्रेस से उनके संभावित उम्मीदवारों के नाम भी मांगे हैं ताकि बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन और मत प्रतिशत को देखते हुए सपा उन्हें 40 से 50 से ज्यादा सीटें देने के मूड में नहीं है।

सपा इस बार भी अपने चुनाव चिन्ह पर 340 से 350 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, क्योंकि पार्टी का मानना है कि ‘साइकिल’ निशान के बिना जीत का स्ट्राइक रेट काफी कम हो जाता है।

सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर लगने तक समाजवादी पार्टी ने उन विधानसभा क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान रोकने का फैसला किया है जिन पर कांग्रेस ने दावा किया है। अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, सपा नेतृत्व दोनों दलों के बीच बातचीत पूरी होने के बाद ही इन सीटों पर आधिकारिक घोषणा करेगा।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं