अलीगढ़ कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि व सरदार पटेल की जयंती

अलीगढ़ कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि व सरदार पटेल की जयंती

अलीगढ़। रेलवे रोड स्थित जिला एवं महानगर कांग्रेस कार्यालय पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी की पुण्यतिथि तथा देश के प्रथम गृहमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती संयुक्त रूप से श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य गया प्रसाद गिरिराज एवं अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष डूंगर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और अदम्य इच्छाशक्ति से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।

वहीं सागर सिंह तोमर एवं जिला महामंत्री कैलाश गौतम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी का साहसिक नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। राष्ट्रहित और देश के विकास में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा स्मरण रखेंगी।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव कृष्णकांत, वरिष्ठ कांग्रेसी राजकुमार शर्मा उर्फ गुड्डू दागा, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सचिव नासिर अली, विनय बघेल, आशीष कुमार, रविंद्र कुमार, रामगोपाल, नंदू सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।