18 वर्षीय साधना की हार्ट सर्जरी के लिए संस्था ने समय पर कराया रक्त उपलब्ध
अलीगढ़ की जन कल्याण समिति ने झांसी की 18 वर्षीय साधना की हार्ट सर्जरी के लिए समय पर 3 यूनिट रक्त की व्यवस्था कराकर इंसानियत की मिसाल पेश की है
अलीगढ़: सामाजिक संस्था जन कल्याण समिति ने एक बार फिर इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की है।
संस्था ने झांसी से आई 18 वर्षीय साधना की हार्ट सर्जरी के लिए बेहद कम समय में 3 यूनिट रक्त (ब्लड) की व्यवस्था कराकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
दरअसल, संस्था के अध्यक्ष इमरान खान को झांसी निवासी वीरेंद्र का एक भावुक फोन आया। वीरेंद्र ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी साधना अलीगढ़ के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती है और उसे हार्ट सर्जरी की सख्त जरूरत है।
पूरा परिवार पिछले एक हफ्ते से खून का इंतजाम करने के लिए दर-दर भटक रहा था, लेकिन अनजान शहर में कोई भी रिश्तेदार या परिचित न होने के कारण वे सिर्फ 2 यूनिट रक्त ही जुटा पाए थे।
बेटी की गंभीर हालत को लेकर पूरा परिवार अत्यंत चिंतित और परेशान था। इसी बीच किसी मददगार ने उन्हें जन कल्याण समिति का नंबर दिया और भरोसा दिलाया कि यह संस्था उनकी मदद जरूर करेगी।
“अनजान शहर में मुश्किल वक्त में मिली यह मदद हमारे परिवार के लिए किसी जीवनदान से कम नहीं है।”
— वीरेन्द्र (मरीज साधना के पिता)
इसे भी पढ़ें: दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता का नोएडा में निधन
सूचना मिलते ही जन कल्याण समिति की टीम बिना कोई वक्त गंवाए तत्काल मेडिकल हॉस्पिटल पहुंची। टीम ने वहां के हार्ट सर्जन प्रोफेसर मोहम्मद आजम हसीन से मरीज साधना की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
डॉ. आजम हसीन ने बताया कि सर्जरी के लिए कुल 6 यूनिट रक्त की आवश्यकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्था के सदस्यों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और मौके पर ही 3 यूनिट रक्त का इंतजाम कराया।
समय पर खून की व्यवस्था होने से मरीज की सर्जरी का रास्ता साफ हुआ, जिससे पिता वीरेंद्र के चेहरे की चिंता राहत और खुशी में बदल गई।
इस मानवीय कार्य पर जन कल्याण समिति के सचिव मुजफ्फर इकबाल ने कहा कि संस्था का एकमात्र मकसद हर जरूरतमंद तक सही वक्त पर मदद पहुंचाना है और मानवता की यह सेवा आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
इस सेवा कार्य के दौरान इमरान खान, मुजफ्फर इकबाल, फरमान खान, नाजिम खान, बबलू राईन और मोहम्मद उस्मान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
