बारामती में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त

बारामती में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त

महाराष्ट्र के बारामती में रविवार को एक निजी प्रशिक्षण विमान रनवे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों पायलट सुरक्षित बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ

महाराष्ट्र: निजी कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान रविवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस के अनुसार यह हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ।

विमान के चक्कर लगाने और आपात स्थिति में लैंडिंग के अभ्यास कर रहे थे

पुणे के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान बारामती हवाई पट्टी पर एक विमान (वीटी-एसईएक्स) रनवे से बाहर निकल गया। विमान में कैप्टन चिराग शशिकांत डोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे सवार थे, जो विमान के चक्कर लगाने और आपात स्थिति में लैंडिंग के अभ्यास कर रहे थे।

अभ्यास के दौरान विमान पूरी तरह रुक नहीं पाया और रनवे 29 के अंतिम हिस्से से आगे निकलकर पक्की सतह से बाहर चला गया, लेकिन गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

अजित पवार विमान हादसा

यह दुर्घटना महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी तरह की एक दुर्घटना में मौत के करीब सात महीने बाद बारामती में हुई है। इसी साल जनवरी में बारामती हवाईअड्डे के पास एक विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी और सहायक के साथ दो कॉकपिट क्रू सदस्य (पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शांभवी पाठक) उस विमान में सवार थे, और उनका लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

इस पुराने विमान हादसे की जांच कर रहा विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अगले साल जनवरी तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप सकता है।

इससे पहले 13 मई को भी निजी कंपनी का एक दूसरा प्रशिक्षण विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बारामती हवाई पट्टी वाले इलाके से सटे गोजुबावी गांव के पास हुई उस दुर्घटना में विमान में केवल प्रशिक्षु पायलट सवार था और वह सुरक्षित बच गया था, किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी।

चश्मदीदों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था और तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद क्रैश लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा कथित तौर पर बिजली के खंभे से टकराकर जमीन पर जा टकराया था।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Mehak B