NEET पुनर्परीक्षा पर बवाल: छात्र के पास नहीं पासपोर्ट, NTA ने परीक्षा केंद्र दिया अबूधाबी

NEET पुनर्परीक्षा पर बवाल: छात्र के पास नहीं पासपोर्ट, NTA ने परीक्षा केंद्र दिया अबूधाबी

नागपुर के छात्र को बिना पासपोर्ट के अबूधाबी का NEET परीक्षा केंद्र देने पर NTA की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिस पर राहुल गांधी और कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है

नागपुर: देशभर में 21 जून को होने वाली नीट (NEET) पुनर्परीक्षा से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने परीक्षा की पारदर्शिता पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद को NTA ने भारत के बजाय सीधे अबूधाबी (यूएई) में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया है।

छात्र ने आवेदन पत्र में परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा का विकल्प चुना था, लेकिन NTA ने इन सभी प्राथमिकताओं को नजरअंदाज करते हुए उसे विदेश का सेंटर दे दिया।

हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़ित छात्र अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट तक नहीं है, जिसके कारण महज 24 से 48 घंटे के भीतर पासपोर्ट और वीजा की औपचारिकताएं पूरी कर परीक्षा के लिए विदेश जाना उसके और उसके परिवार के लिए पूरी तरह असंभव है। परीक्षा में केवल एक दिन का समय शेष रहने के कारण छात्र और उसका परिवार बेहद मानसिक तनाव में है।

इस गंभीर मामले के सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि NTA ने परीक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं।

उन्होंने तुरंत छात्र के लिए संशोधित प्रवेश पत्र जारी करने की मांग की। मामले के तूल पकड़ने और हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद NTA अधिकारियों ने इसे एक तकनीकी गलती माना है और आश्वासन दिया है कि आज शाम चार बजे तक छात्र को नागपुर का ही सेंटर आवंटित कर नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।

इस बीच, यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी गरमा गया है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर NTA की आलोचना करते हुए बयान जारी किया है कि बच्चों के भविष्य के साथ जुआ खेलना बंद किया जाए, क्योंकि वे एक संवेदनशील, जिम्मेदार और जवाबदेह शिक्षा व परीक्षा व्यवस्था के हकदार हैं।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।