खरगे का पीएम पर पलटवार कहा ‘चीन को कितनी बार क्लीन चिट देंगे

खरगे का पीएम पर पलटवार कहा ‘चीन को कितनी बार क्लीन चिट देंगे

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार की विदेश और सीमा सुरक्षा नीति पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वह देश की सीमाओं पर बनी वास्तविक स्थिति को लेकर देशवासियों के सामने सच रखें।

खरगे का आरोप है कि सरकार पहले भी कई बार चीन को क्लीन चिट दे चुकी है, जिससे देश के हितों को नुकसान पहुंचा है। अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ें और देश को पूरी सच्चाई बताएं।

अरुणाचल सीमा पर चीन से टकराव का मुद्दा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक निर्भरता और राजनयिक जवाबदेही को लेकर प्रधानमंत्री से तीन अहम सवाल पूछे हैं, जिसमें उन्होंने आईटीबीपी डीजी के हवाले से अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना (पीएलए) के साथ लगातार हो रहे टकराव और गश्त करने की पहुंच प्रभावित होने पर चिंता जताते हुए सरकार पर देश को अंधेरे में रखने का आरोप लगाया है।

खर्गे ने गलवान घाटी की झड़प के बाद चीन से आयात में 102% और व्यापार घाटे के बढ़कर 112.16 अरब डॉलर पर पहुंचने का हवाला देते हुए सवाल किया कि क्या ‘मेक in इंडिया’ अब ‘इंपोर्ट फ्रॉम चाइना’ बन गया है और चीनी निवेश पर पाबंदियां क्यों ढीली की जा रही हैं।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकातों समेत विभिन्न द्विपक्षीय वार्ताओं और बैठकों के बेनतीजा रहने पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि इन मुलाकातों से क्या ठोस परिणाम निकले और क्या मई 2020 से पहले भारत को हासिल गश्त के अधिकार पूरी तरह बहाल हो गए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश को अपनी सेना पर पूरा भरोसा है, लेकिन सुरक्षा के मामले में केवल दिखावे की तस्वीरें या गले मिलने वाली कूटनीति काफी नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि वे राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष को निशाना बनाने के बजाय संसद और पूरे देश को विश्वास में लें।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Sanjana Kumari

संजना कुमारी: रियल-टाइम खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाली डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और पत्रकार, जो सामाजिक-राजनीतिक, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक घटनाक्रमों को डिजिटल दर्शकों के लिए सटीक व आकर्षक बनाती हैं