यूपी चुनाव के लिए दिसंबर पहले सप्ताह में बड़ा अभियान शुरू करेगी कांग्रेस

यूपी चुनाव के लिए दिसंबर पहले सप्ताह में बड़ा अभियान शुरू करेगी कांग्रेस

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई बैठक में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी मौजूद थे।

बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संगठन और चुनाव प्रचार को लेकर हमारी चर्चा हुई। हम दिसंबर में इसकी शुरूआत करेंगे। हम सभी समितियों का गठन करने जा रहे हैं। सीट शेयरिंग के विषय पर उन्होंने कहा कि इस पर हम कल चर्चा करेंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया से कहा कि अभी मल्लिकार्जुन खरगे, के.सी. वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी के साथ बैठक संपन्न हुई है। उत्तर प्रदेश के पूरे अभियान को लेकर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव को लेकर हम लोग दिसंबर के पहले सप्ताह से हाई स्पीड कैंपेन की शुरूआत करने जा रहे हैं। हमारा पूरा संगठन निचले स्तर तक तैयार है।

गौतम ने कहा कि इस अभियान में कैसे हर स्तर के पदाधिकारियों को शामिल करना है, इन सभी विषयों पर बात हुई है। वहीं सीट शेयरिंग के विषय पर उन्होंने कहा कि शाम तक सूचना मिलेगी कि कहां बैठक होगी और उनकी(समाजवादी पार्टी) ओर से कौन लोग आ रहे हैं।

ज़्यादा से ज़्यादा सीटें जीतना प्राथमिकता:

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि हम लोगों ने चुनाव अभियान की रणनीति तैयार की गई है। दिसंबर माह से हम लोग पूरी तरह से चुनावी मोड में उतर जाएंगे। इस अभियान के तहत हम रैली करेंगे, यात्रा करेंगे।

सीट शेयरिंग के विषय पर इमरान मसूद ने कहा कि आज सीटों का कोई विषय ही नहीं था। आज संगठन की बैठक थी। सवाल कितनी सीटों का नहीं है, सवाल हमारी जीत का है कि हम सब मिलकर जीत दर्ज करें।

वहीं सूत्रों की माने तो बैठक में समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि ऐसी कोशिश होनी चाहिए कि कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें मिलें, हालांकि राहुल गांधी ने साथ में ये भी जोड़ा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन का एक महत्वपूर्ण दल है। इसलिए सबको साथ लेकर चलने की कोशिश होनी चाहिए।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन लगभग तय है और सिर्फ सीटों के बंटवारे की औपचारिकता पूरी होना बाकी है। हाल ही में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी लेकिन सीटों के बंटवारे पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।