गठबंधन में कांग्रेस को मिल सकती हैं अलीगढ़ की दो सीटें, अब दावेदारों की हाथरस पर नज़र

गठबंधन में कांग्रेस को मिल सकती हैं अलीगढ़ की दो सीटें, अब दावेदारों की हाथरस पर नज़र

ब्यूरो (राजा ज़ैद)।  समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में भले ही अभी सीटों का बंटवारा तय नहीं हो पाया है लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी कांग्रेस को एक या दो सीट से अधिक नहीं देने जा रही।

सपा सूत्रों की माने तो गठबंधन के तहत कांग्रेस को एक सामान्य सीट और एक रिज़र्व सीट दिए जाने पर बातचीत जारी है। सूत्रों ने कहा कि सामान्य सीट में अलीगढ़ शहर की सीट भी कांग्रेस को दी जा सकती है लेकिन उसके लिए शर्त है कि कांग्रेस द्वारा सुझाये गए उम्मीदवार को समाजवादी पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ना होगा। वहीं कांग्रेस को दी जाने वाली दूसरी संभावित सीट इगलास हो सकती है।

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के समक्ष अलीगढ जनपद में आधी आधी सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत कांग्रेस की तरफ से खैर, कोल और छर्रा सीट पर दावा किया है। कांग्रेस के दावे वाली तीनो ही सीटों पर पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अभी हाल ही में खैर सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार चारु कैन का समर्थन किया था।

अलीगढ़ में गठबंधन के तहत पर्याप्त सीटें नहीं मिलने की संभावनाओं से दावेदारी जता रहे कांग्रेस नेताओं को मायूसी अवश्य होगी। यही कारण है कि सुरक्षित सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाये बैठे अलीगढ़ के कुछ कांग्रेस नेताओं की नज़र अब हाथरस सीट पर लगी है। इनमे राजेश राज जीवन, सागर सिंह तोमर, कैलाश बाबू चौहान, मलखान सिंह वाल्मीकि और हरेंद्र राजौरा के नाम शामिल हैं।

कुल मतदाताओं की संख्या

2022 के विधानसभा चुनाव के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार हाथरस विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की स्थिति इस प्रकार थी:

कुल पंजीकृत मतदाता: 4,16,253

पुरुष मतदाता: 2,24,056

महिला मतदाता: 1,92,192

कुल पड़े वोट (मतदान प्रतिशत): 2,63,305 (63.26%)

(नोट: 2017 के विधानसभा चुनाव में यहाँ कुल 3,84,610 मतदाता थे।)

क्या है हाथरस का जातीय समीकरण:

हाथरस विधानसभा क्षेत्र सवर्ण, पिछड़ा वर्ग और दलित मतदाताओं के मिश्रण वाला क्षेत्र है। स्थानीय राजनीतिक आकलनों के अनुसार प्रमुख जातियों की अनुमानित संख्या निम्नलिखित है:

सवर्ण मतदाता: ठाकुर (~49,600), वैश्य (~42,700), ब्राह्मण (~42,300), और पंजाबी (~4,200)। सवर्ण मतदाताओं की बड़ी संख्या चुनावी परिणामों में निर्णायक भूमिका निभाती है।

अनुसूचित जाति (दलित): जाटव (~29,700), धोबी/रजक (~26,900), कोली (~9,800), वाल्मीकि (~6,900), और खटीक (~2,900)।

पिछड़ा वर्ग (OBC): कुशवाहा (~24,700), बघेल (~15,300), जाट (~15,100), नाई (~5,500), कश्यप/ढीमर (~5,000), कुम्हार (~4,850), और यादव (~3,200)।

मुस्लिम मतदाता: लगभग 20,200।

यहां यह बताना भी ज़रूरी है कि 1996 से 2012 तक यह सीट बसपा का गढ़ रही थी। 2012 में परिसीमन के बाद यह सीट आरक्षित (SC) हो गई, जिसके बाद से सवर्ण (ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य) और गैर-जाटव ओबीसी/दलित वोटों के ध्रुवीकरण ने पिछले दो चुनावों (2017 और 2022) में भाजपा को एकतरफा बढ़त दिलाई है।

हाथरस के बारे में कहा जाता है कि इस विधानसभा सीट पर ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य मतदाताओं की भूमिका अहम् रहती है। लेकिन सच्चाई यह भी है कि दो या उससे अधिक जातियों के कॉम्बिनेशन के बिना इस सीट पर चुनावी नैया पार नहीं होती।

यदि 2012 तक के विधानसभा चुनावो पर नज़र डाली जाए तो पता चलता है कि इस सीट पर कभी ब्राह्मण और जाट कांग्रेस का परम्परागत वोट हुआ करता था लेकिन धीमे धीमे ब्राह्मण वोट भी बीजेपी की तरफ शिफ्ट हो गया।

चुनाव वर्ष श्रेणी विजेता (पार्टी) प्राप्त वोट उपविजेता (पार्टी) प्राप्त वोट जीत का अंतर
1996 सामान्य रामवीर उपाध्याय (BSP) 67,337 राजवीर सिंह पहलवान (BJP) 38,482 28,855
2002 सामान्य रामवीर उपाध्याय (BSP) 67,925 देव स्वरूप (RLD) 42,233 25,692
2007 सामान्य रामवीर उपाध्याय (BSP) 56,698 देवेंद्र अग्रवाल (RLD) 41,288 15,410
2012 सुरक्षित (SC) गेंदालाल चौधरी (BSP) 59,161 राजेश कुमार (BJP) 50,488 8,673

प्रमुख चुनावी घटनाक्रम और समीकरण

1996 (बसपा का उदय): 1993 के चुनाव में भाजपा के राजवीर सिंह ने बसपा के हिलाल कुरैशी को मात्र 748 वोटों के बेहद करीबी अंतर से हराया था। लेकिन 1996 में बसपा ने ब्राह्मण चेहरे रामवीर उपाध्याय को मैदान में उतारा, जिन्होंने भाजपा के मौजूदा विधायक राजवीर सिंह को करीब 29 हजार वोटों से हराकर हाथरस की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत की।

2002 और 2007 (सोशल इंजीनियरिंग की जीत): मायावती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय ने दलित और ब्राह्मण वोटों के मजबूत गठजोड़ (सोशल इंजीनियरिंग) के दम पर 2002 में रालोद के देव स्वरूप और 2007 में रालोद के देवेंद्र अग्रवाल को शिकस्त देकर लगातार तीन बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया।

2012 (परिसीमन और सीट का आरक्षण): 2008 के परिसीमन आदेश के लागू होने के बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में हाथरस सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित हो गई और पड़ोसी सासनी विधानसभा सीट समाप्त हो गई। इस बदलाव के कारण रामवीर उपाध्याय को सिकंदराराऊ सीट से चुनाव लड़ना पड़ा। वहीं, हाथरस सुरक्षित सीट पर बसपा ने सासनी से विधायक रहे गेंदालाल चौधरी को टिकट दिया, जिन्होंने कड़े मुकाबले में भाजपा के राजेश कुमार को 8,673 वोटों से हराकर लगातार चौथी बार बसपा को जीत दिलाई।

हाथरस विधानसभा चुनाव परिणाम: 2017

2017 के चुनाव में भाजपा के हरीशंकर माहौर ने बसपा के बृजमोहन राही को 70,661 वोटों से हराया था।

उम्मीदवार का नाम पार्टी प्राप्त वोट वोट प्रतिशत
हरीशंकर माहौर (विजेता) भाजपा (BJP) 1,33,840 56.10%
बृजमोहन राही बसपा (BSP) 63,179 26.48%
राजेश राज जीवन कांग्रेस (INC) 27,301 11.44%
नेक्से लाल महान दल (MD) 5,349 2.24%
गेंदालाल चौधरी रालोद (RLD) 3,616 1.52%
नोटा (NOTA) – 1,256 0.53%

हाथरस विधानसभा चुनाव परिणाम:

2022 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अंजुला सिंह माहौर ने 1,00,856 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

उम्मीदवार का नाम पार्टी प्राप्त वोट वोट प्रतिशत
अंजुला सिंह माहौर (विजेता) भाजपा (BJP) 1,54,655 58.79%
संजीव कुमार बसपा (BSP) 53,799 20.45%
बृजमोहन राही सपा (SP) 47,185 17.94%
कुलदीप कुमार सिंह कांग्रेस (INC) 2,436 0.93%
नोटा (NOTA) – 1,771 0.67%
किशन सिंह आम आदमी पार्टी (AAP) 835 0.32%

फ़िलहाल देखना है कि गठबंधन के तहत क्या कांग्रेस एक बार फिर हाथरस(सु) सीट को वापस ले पाती है या नहीं। हालांकि दावा ये भी है कि कांग्रेस के दावे वाली सीटों पर समाजवादी पार्टी पुनर्विचार कर रही है लेकिन उसकी शर्त उम्मीदवार और सिंबल की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ़ तौर पर कहा है कि यदि कांग्रेस गठबंधन के तहत किसी जिताऊ उम्मीदवार का नाम सामने रखती है तो उस पर पूरा विचार किया जायेगा।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।