सावधान: भारत में 32 नकली यूनिवर्सिटी चिह्नित, अकेले दिल्ली में 12 और यूपी में 4 संस्थान

नई दिल्ली: उच्च शिक्षा (हायर एजुकेशन) में दाखिला लेने वाले छात्रों को अब बेहद सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि देश में बिना कानूनी मान्यता के डिग्री देने वाले संस्थानों की संख्या बढ़ रही है। इसी खतरे को देखते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने 17 नवंबर को एक जरूरी चेतावनी जारी की है।

आयोग ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे किसी भी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने या फीस जमा करने से पहले उस संस्थान की कानूनी मान्यता की जांच जरूर कर लें। फरवरी 2026 में अपडेट की गई यूजीसी (UGC) की ताजा सूची में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 32 संस्थानों को फर्जी विश्वविद्यालय के रूप में चिह्नित किया गया है।

दिल्ली में सबसे ज्यादा फर्जी संस्थान

जिनमें से 18 संस्थान मार्च 2023 की पुरानी सूची में भी शामिल थे। इस सूची में दिल्ली से सर्वाधिक 12 (जो पहले आठ थे) और उत्तर प्रदेश से चार संस्थान शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के निर्देश के बाद जारी इस एडवाइजरी में यूजीसी ने छात्रों को चेतावनी दी है कि वे संस्थानों के विज्ञापनों, वेबसाइट या सोशल मीडिया दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, बल्कि दाखिला लेने से पहले उनकी कानूनी वैधता, डिग्री देने के अधिकार और आवश्यक मंजूरियों की जांच अवश्य करें।

पुरानी सूची के 90 प्रतिशत संस्थानों का अब भी बरकरार रहना उनके खिलाफ हुई कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है, हालांकि 5 अगस्त को संसद में दिए गए एक लिखित जवाब में शिक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि यूजीसी ने इन संस्थानों को कारण बताओ नोटिस व चेतावनी जारी की है और राज्य सरकारों को भी एफआईआर दर्ज करने तथा इन्हें बंद करने के लिए कानूनी कदम उठाने को कहा है। इस मामले में इन संस्थानों के सूची में बने रहने और कार्रवाई की स्थिति को लेकर शिक्षा मंत्रालय से जवाब मांगा गया है, जिसका फिलहाल इंतजार है।

फर्जी एजुकेशनल सर्टिफिकेट देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं। वेरिफिकेशन कंपनी ‘मिलो’ के सीईओ करण भट्टी का कहना है कि पश्चिम और दक्षिण भारत की कई यूनिवर्सिटी बिना सही जांच के किसी को भी डिग्रियां बांट रही हैं। उनके अनुसार, ये संस्थान एक बड़े नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और उनकी कंपनी तकनीक की मदद से इस फर्जीवाड़े को रोकने की कोशिश कर रही है।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.