सिराज के सिलेक्शन पर बंटी कांग्रेस, मुमताज पटेल की दो टूक- खेल में धर्म नहीं बल्कि फॉर्म ही पैमाना
नई दिल्ली: क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर ही अलग-अलग राय सामने आ रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा सिराज के चयन पर दिए गए बयान से पार्टी नेता मुमताज पटेल ने खुद को अलग कर लिया है।
मुमताज पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों का चुनाव हमेशा उनके फॉर्म और प्रदर्शन के आधार पर होता है, न कि धर्म के आधार पर। उन्होंने खेल में किसी भी तरह के धार्मिक विभाजन को पूरी तरह गलत बताते हुए साफ कर दिया कि वह इस मामले में इमरान मसूद की राय से सहमत नहीं हैं।
क्रिकेट में धार्मिक विभाजन की कोई जगह नहीं
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेत्री मुमताज पटेल ने कहा है कि क्रिकेट में नफरत या धार्मिक विभाजन की कोई जगह नहीं है और टीम इंडिया में सबसे पहले इंडिया आता है, धर्म नहीं। दरअसल, चार दिन पहले इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से मोहम्मद सिराज को इसलिए बाहर रखा गया क्योंकि उनके नाम में सिराज जुड़ा है।
इसे भी पढ़ें: हंगामे पर अजय राय की माफी: बोले- कांग्रेस नहीं छोड़ूँगा, बनारस से सांसद बनने का है सपना
इस पर दिवंगत नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने स्पष्ट किया कि भारत में क्रिकेट को हमेशा समान उत्साह से देखा जाता है, धार्मिक विभाजन स्वीकार्य नहीं है और खिलाड़ियों का चयन हमेशा मेरिट, फॉर्म तथा टीम की जरूरत के आधार पर होता है, न कि धर्म, जाति, राज्य या संस्कृति के नाम पर।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के एक बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिर्फ नाम ‘सिराज’ होने की वजह से उन्हें टीम में नहीं चुना गया और यह साफ भेदभाव है। इस टिप्पणी के बाद बीजेपी ने इसे भड़काने वाली राजनीति बताते हुए इमरान मसूद को घेरा, वहीं कई पूर्व क्रिकेटरों और अन्य दलों के नेताओं ने भी इस बयान की आलोचना की। ताजा घटनाक्रम में अब कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने भी इस विवाद से दूरी बनाते हुए इमरान मसूद के बयान से किनारा कर लिया है।









