राम मंदिर ट्रस्ट के कामकाज की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो स्वतंत्र जांच: जयराम रमेश
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की स्वतंत्र जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस जांच के दायरे में मंदिर ट्रस्ट के कामकाज और सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को भी शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी मांग रखी कि मामले की जांच करने वाली एसआईटी (SIT) अपनी रिपोर्ट केवल और सीधे सुप्रीम कोर्ट को ही सौंपे।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री द्वारा चुने गए भाजपा, आरएसएस और विहिप से जुड़े पदाधिकारियों वाले ट्रस्ट ने देशवासियों का भरोसा तोड़ा है, और अब यह बार-बार साबित हो रहा है कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तिकड़ी ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भागीदारी और उनकी गतिविधियों पर पर्दा डालने का काम किया है।
जयराम रमेश ने दावा किया कि ताजा खुलासे के अनुसार चंपत राय के नेतृत्व में पहले शिरडी साई मंदिर, तिरुपति बालाजी मंदिर और अन्य मंदिरों की दान व्यवस्था का अध्ययन किया गया था, ऐसे में उन्होंने यह सवाल उठाया कि जब दूसरे मंदिरों की व्यवस्था का अध्ययन किया गया था, तो अयोध्या के राम मंदिर में पारदर्शी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई तथा दान की गिनती, सुरक्षा और बैंक में धन जमा कराने की जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई।
इसे भी पढ़ें: राहुल के बयान पर छिड़ी सियासी जंग, कांग्रेस ने सरकार की नीयत और प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि क्या पारदर्शी व्यवस्था के तरीकों की जानकारी होने के बावजूद ट्रस्ट ने जानबूझकर चढ़ावे की चोरी होने दी। उन्होंने कहा कि चोरी के कई गंभीर मामले सामने आने के बाद केवल निचले कर्मचारियों पर दोष मढ़कर ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों को जिम्मेदारी से मुक्त नहीं किया जा सकता।
रमेश ने बीजेपी, आरएसएस और वीएचपी से इस मामले में जवाब मांगते हुए कहा कि मंदिर में आए कुल चढ़ावे का पूरा हिसाब-किताब जनता के सामने रखा जाना चाहिए, क्योंकि आस्था के साथ-साथ जवाबदेही भी बेहद जरूरी है।
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










