परिसीमन पर भड़के खरगे, कहा- लोकसभा सीटें बढ़ाकर फिर सत्ता हथियाना चाहती है सरकार

नई दिल्ली: राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस मीटिंग में संसद में पेश होने वाले परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही, विपक्षी दलों ने सरकार के इस संभावित कदम का मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति भी तैयार की।

मल्लिकार्जुन खरगे के नई दिल्ली स्थित आवास (10, राजाजी मार्ग) पर शनिवार सुबह 11:30 बजे हुई विपक्षी दलों की बैठक में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के फ्लोर लीडर्स शामिल हुए, जबकि आमंत्रण के बावजूद डीएमके और शरद गुट से कोई नेता उपस्थित नहीं हुआ।

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं ने तय किया है कि मोदी सरकार द्वारा लाया जा रहा संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है, और उन्होंने आरोप लगाया कि 400 पार का नारा खत्म होने के बाद अब सरकार 850 से अधिक सीटें करके पूरी सत्ता अपने हाथ में लेना चाहती है।

खरगे ने इसे अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के साथ अन्याय बताते हुए आशंका जताई कि आगामी जनगणना के आंकड़ों के बिना उन्हें उचित हिस्सेदारी नहीं मिलेगी, साथ ही उन्होंने करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में होने वाले परिसीमन पर अविश्वास जताते हुए कहा कि वे सीटों के आरक्षण में हेरफेर कर सकते हैं।

केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र आहूत किया है। उम्मीद की जा रही है कि इस सत्र में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के साथ-साथ महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के मकसद से परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक एक बार फिर संसद में लाया जा सकता है।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.