नई जनगणना के आधार पर हो परिसीमन और एससी-एसटी आरक्षण की व्यवस्था: सागर सिंह तोमर

अलीगढ। अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व जिला कोऑर्डिनेटर एवं कांग्रेस नेता सागर सिंह तोमर ने प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन के सभी दलों के नेताओं को एकजुट होकर इसका विरोध करना चाहिए।

सागर सिंह तोमर ने कहा कि पहले भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन देश की जनता ने उसे नकार दिया। अब लोकसभा की सीटों का विस्तार 850 तक करने की चर्चा हो रही है। इस प्रक्रिया में लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के उचित प्रतिनिधित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए लोकसभा में जनसंख्या के अनुपात में सीटों के आरक्षण का प्रावधान है। इसलिए नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन और आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि एससी-एसटी वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया की निष्पक्षता, आरक्षित सीटों के निर्धारण और महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए।

सागर सिंह तोमर ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समानता की मजबूत नींव है। किसी भी संवैधानिक संशोधन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। देश के लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक शक्तियों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.