अंतरिम जमानत की मांग खारिज, उमर और शरजील के मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम को किसी भी तरह की तुरंत राहत देने से मना कर दिया है। दोनों आरोपियों के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत से उनकी अंतरिम जमानत की अर्जी पर जल्द सुनवाई करने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल जमानत देने के बजाय इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कहा है।
सुप्रीम कोर्ट में CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं से जुड़े मामले को तीन जजों की बड़ी पीठ के पास भेजने का निर्देश दिया है। इस मामले में पहले इस अहम कानूनी सवाल पर विचार करना जरूरी है कि क्या UAPA जैसे सख्त कानून के तहत दर्ज मामलों में मुकदमे की सुनवाई में होने वाली देरी को जमानत का आधार बनाया जा सकता है।
CJI ने किया 2021 के फैसले का जिक्र
और बड़ी पीठ का फैसला आने के बाद ही दोनों की जमानत पर आगे विचार होगा। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने 2021 के केए नजीब मामले के फैसले का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि UAPA की सख्त शर्तें संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत त्वरित सुनवाई के अधिकार को खत्म नहीं कर सकतीं। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि यह फैसला उन्होंने खुद लिखा था, इसलिए इसकी व्याख्या पर विचार करते समय उन्हें थोड़ी झिझक हो रही है।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट का कड़ा रुख: फटकार के बाद सीजेपी नेताओं ने वापस ली याचिका
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट और फिर 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार व जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने कथित बड़ी साजिश में अहम भूमिका मानते हुए दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था, जबकि इसी मामले में अलग भूमिका के आधार पर गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य आरोपियों को जमानत मिल गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने अभी उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। अब तीन जजों की बेंच इस क़ानूनी पहलू की जाँच करेंगी कि UAPA मामलों की सुनवाई में होने वाली देरी का जमानत पर क्या असर पड़ता है। बेंच के इस फैसले के बाद ही दोनों की जमानत अर्जियों पर अगली सुनवाई हो सकेगी।
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









