CJP नेता सौरव दास का दावा: ऑक्सफोर्ड में लेक्चर देने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट पकड़ने से रोक दिया गया। उनका कहना है कि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर अपनी बात रखने जा रहे थे, लेकिन रात करीब 1 बजे बोर्डिंग से ठीक पहले इमिग्रेशन जांच के दौरान अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया।
सौरव दास ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई (LSE) और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर लेक्चर देने के लिए लंदन जाते समय उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। इस घटना के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार बुद्धिजीवियों के प्रति असहिष्णु है और नहीं चाहती कि वह विदेश जाकर अपनी बात रखें।
हालांकि इस मामले में संबंधित अधिकारियों की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सौरव के इस दावे के बाद सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और नेता आशुतोष रांका ने भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले या नीरव मोदी जैसे लोग देश से भाग सकते हैं, लेकिन सौरव दास को विदेश जाने से रोका जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: मतगणना केंद्र न छोड़ें एजेंट, अभी 18 दौर की गणना बाकी: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
गौरतलब है कि इससे पहले 13 अक्टूबर को सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में प्रिवेंटिव अरेस्ट के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जिसके बाद 21 अक्टूबर को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानती बॉन्ड पर जमानत दे दी थी।
जमानत के समय सौरव दास और आशुतोष रांका ने अदालत में लिखित भरोसा दिया था कि वे शांति भंग करने वाला कोई काम नहीं करेंगे और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है। उन्होंने यह भी वादा किया था कि जब तक कानूनी प्रक्रिया से जंतर-मंतर को निर्धारित सूची से हटाया नहीं जाता, वे वहां प्रदर्शन की अपील नहीं करेंगे, और आगे होने वाले सभी प्रदर्शन संविधान के नियमों के भीतर ही रहेंगे।
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










