गोधरा कांड: 18 साल से बंद कैदी की उम्रकैद पर सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लगाई रोक, पढ़े पूरी ख़बर
नई दिल्ली। 2002 के चर्चित गोधरा साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन अग्निकांड मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाडा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने सोमवार को उसकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति और 18 साल से अधिक की जेल अवधि को देखते हुए उम्रकैद की सजा को निलंबित (Suspend) कर दिया है।
जस्टिस एम. एम. सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने इरफान की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह राहत केवल चिकित्सीय आधार (Medical Grounds) पर दी जा रही है और उसकी मुख्य अपील पर अंतिम फैसला आने तक यह लागू रहेगी।
सुनवाई के दौरान इरफान सिराज पाडा के वरिष्ठ वकील ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता पिछले 18 वर्षों से अधिक समय से जेल में बंद है और गंभीर हृदय रोग (Cardiovascular Disease) समेत कई अन्य बीमारियों से जूझ रहा है।
पीठ ने अपने आदेश में कहा, “यह अर्जी मुख्य रूप से चिकित्सीय आधार पर दायर की गई है। राज्य सरकार के वकील ने भी स्वीकार किया है कि याचिकाकर्ता की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जो तथ्य पेश किए गए हैं, वे सही हैं। इन तथ्यों को देखते हुए हम याचिकाकर्ता को चिकित्सीय आधार पर सजा से राहत देने के पक्ष में हैं।”
गुजरात सरकार ने नहीं जताई आपत्ति
गुजरात सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता स्वाति घिल्डियाल ने दलील दी कि यह मामला बेहद गंभीर प्रकृति का है, लेकिन याचिकाकर्ता की नाजुक स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार को मेडिकल आधार पर उसकी सजा निलंबित किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है।
इसे भी पढ़ें: बिहार में सियासी पारा हाई: राबड़ी देवी ने सरकारी सुरक्षा वापस की
कानूनी जानकारों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का अर्थ दोषी को बरी करना या उसकी दोषसिद्धि को रद्द करना नहीं है। ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की गई शर्तों के अधीन उसे अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाएगा, जबकि उसकी दोषसिद्धि के खिलाफ दायर मुख्य अपील पर सुनवाई आगे भी जारी रहेगी। इससे पहले वर्ष 2025 में भी इरफान को समय से पहले रिहाई की अर्जी पर विचार के लिए अंतरिम पैरोल दी गई थी।
क्या था 2002 का गोधरा ट्रेन अग्निकांड
गौरतलब है कि 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा स्टेशन के पास अयोध्या से कारसेवकों को लेकर लौट रही साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगा दी गई थी, जिसमें 59 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे।
मार्च 2011 में विशेष अदालत ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था, जिनमें से 11 को फांसी और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बाद में अक्टूबर 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था और बाकी 20 दोषियों की आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था। हाईकोर्ट के इसी फैसले के खिलाफ दोषियों और राज्य सरकार की अपीलें 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।
—
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










