सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस-सपा की बैठक, कल भी होगी दूसरे दौर की बातचीत
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
इस बैठक में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से सांसद प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख आराधना मिश्रा, राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद शामिल हुए। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव, लोकसभा सांसद इकरा हसन, राज्यसभा सांसद राजीव राय और राज्य अध्यक्ष श्याम लाल पाल मौजूद रहे।
बैठक के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज की बैठक सफल रही है। इसी क्रम में कल भी बैठक का आयोजन होगा। जल्द दोनों दल एक संयुक्त नतीजे पर पहुंच जायेंगे।
कांग्रेस द्वारा पहले 181 सीटों की सूची सौंपने की खबरों पर तिवारी ने टिप्पणी करने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि वह बातचीत करने वाली समिति के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में जीतने की क्षमता सबसे बड़ा कारक होती है। तिवारी ने भाजपा के ‘राधे राधे कमल खिला दे’ नारे पर कटाक्ष किया।
तिवारी ने भाजपा की धार्मिक संदर्भों वाली राजनीतिक संदेशों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता धर्म का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग कर रहे हैं। तिवारी ने भाजपा को भगवान राम और कृष्ण का ‘कारोबारी’ बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भगवान राम और कृष्ण की पुजारी है।
इसे भी पढ़ें: महिला अपमान पर भाजपा मुखर: पटना में आज आक्रोश मार्च
वहीं बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज की बातचीत सौहर्दपूर्ण रही है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की बैठक कल भी होगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, “कितने नंबरों पर बात हुई, इसके लिए कल तक इंतजार करना होगा। बहुत जल्द स्पष्ट हो जाएगा। 2-4 दिनों में सब कुछ तय हो जाएगा। जब हम एक दूसरे पर विश्वास करते हैं, गठबंधन मजबूत है, विश्वसनीयता है तो लंबी चर्चा करने की जरूरत क्या है?”
उन्होंने कहा कि शुरुआत की जो बैठक हुई है, वो बहुत ही सकारात्मक और विश्वास के साथ हुई है। इस गठबंधन में दोनों के बीच में कोई संशय नहीं है। कल फिर बैठक होगी और 2-4 दिनों में सब चीज तय हो जाएंगी।”
Discover more from ZH7TV
Subscribe to get the latest posts sent to your email.










