ध्रुव राठी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, मानहानि केस में साकेत कोर्ट ने जारी किया गैर ज़मानती वारंट

नई दिल्ली। यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने साल 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है।

मजिस्ट्रेट अनम रईस खान ने सोमवार को शिकायतकर्ता सुरेश करमशी नखुआ उर्फ विकास सांकृत्यायन की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है।

यह पूरा विवाद ध्रुव राठी द्वारा यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो ‘BJP IT Cell Part II’ से जुड़ा हुआ है। ‘I Support Narendra Modi’ नाम से सोशल मीडिया पेज चलाने वाले शिकायतकर्ता विकास पांडे ने आरोप लगाया है कि राठी ने इस वीडियो में उनके खिलाफ झूठे, निराधार और मानहानिकारक दावे किए हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।

अदालती कार्यवाही के अनुसार, इस मामले में ध्रुव राठी को पहली बार जुलाई 2019 में समन भेजा गया था। इसके बाद कोर्ट ने उनकी पेशी सुनिश्चित करने के लिए दो बार जमानती वारंट भी जारी किए, लेकिन वे अदालत में पेश नहीं हुए। वारंट तामील कराने और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने में लगातार आ रही दिक्कतों को देखते हुए कोर्ट ने अब कड़ा रुख अपनाते हुए गैर-जमानती वारंट जारी किया है।

सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के वकील समक्ष शर्मा ने अदालत को अवगत कराया कि ध्रुव राठी आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं, लेकिन हाल ही में वे दिल्ली में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। अब सभी की नजरें 3 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.