धीरेंद्र शास्त्री पर भड़के रामदेव, कहा, “ऐसे ढोंगी और पाखंडी लोगों से सावधान रहें लोग”

जमशेदपुर। भगवान कृष्ण को लेकर विवादित बयान देने वाले बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री अब योग गुरु बाबा रामदेव के निशाने पर आ गए हैं। बाबा रामदेव ने न सिर्फ धीरेंद्र शास्त्री के ज्ञान पर सवाल उठाये हैं बल्कि धीरेंद्र शास्त्री को ढोंगी भी करार दिया है।

बाबा रामदेव झारखंड के जमशेदपुर में महिला पतंजलि योग समिति, पूर्वी सिंहभूम के प्रांतीय महासम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से संबोधन में धीरेंद्र शास्त्री पर सीधा हमला बोला।

रामदेव ने शास्त्री को बावला, ढोंगी, पाखंडी और धूर्त तक कह दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने लोगों को ऐसे कथावाचकों से सतर्क रहने की नसीहत भी दी। रामदेव ने कहा कि जो खुद को सनातन धर्म का रक्षक बताते हैं, लेकिन उनके मुताबिक उन्हें धर्मग्रंथों और भारतीय परंपराओं की पर्याप्त समझ तक नहीं है।

इतना ही नहीं बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग न तो वेद और उपनिषद पढ़े हैं, न दर्शन की जानकारी रखते हैं। उन्हें कुरान, रामायण और महाभारत तक का ज्ञान नहीं है। यहां तक कि संविधान और लोकतंत्र की समझ भी नहीं है।

बाबा रामदेव ने कहा कि ऐसे लोग मंच पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। रामदेव ने कहा कि ऐसे लोगों को दूसरों को हिंदू धर्म बचाने की सीख देने से पहले उन्हें खुद अपने आचरण और समझ पर ध्यान देना चाहिए।

रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं की तुलना करना और किसी एक को दूसरे से कमतर दिखाना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, भगवान राम और भगवान कृष्ण दोनों ही पूजनीय हैं। किसी भी अवतारी सत्ता के स्वरूप का मजाक बनाना या हल्के अंदाज में टिप्पणी करना धार्मिक मर्यादा के खिलाफ है।

बाबा रामदेव ने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर ढोंग, पाखंड और आडम्बर को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। धर्म के नाम पर लोगों को भड़काने या उनकी भावनाओं का फायदा उठाने के बजाय धार्मिक परंपराओं की मर्यादा का पालन होना चाहिए।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.