यूपी चुनाव: 26 सीटों की चर्चा पर भड़के कांग्रेस प्रभारी, कहा- सभी 403 सीटों पर होगी बात

नई दिल्ली: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। 26 सीटों के फॉर्मूले की अटकलों पर विराम लगाते हुए यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि चर्चा सिर्फ 26 नहीं, बल्कि प्रदेश की सभी 403 सीटों पर हो रही है। उन्होंने कहा कि वार्ता पूरी होने के बाद दोनों दलों की सहमति से सम्मानजनक समझौते का एलान किया जाएगा।

हालांकि, सूत्रों के मुताबिक सपा ने शुरुआती दौर में 26 सीटों की पेशकश की थी, जबकि अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर ’26 सीटों’ के साथ विजयी शुरुआत का जिक्र किया था और कांग्रेस ने 120 सीटों की सूची सौंपी थी।

सीट बंटवारे पर बातचीत पूरी होने से पहले ही सपा द्वारा पांच उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर गौतम ने नाराजगी जताई और कहा कि बातचीत के दौरान ऐसी घोषणाओं से बचना चाहिए था। उन्होंने संकेत दिया कि घोषित सीटों में कांग्रेस की मांग वाली सीटें भी शामिल हैं और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को जायज ठहराया, हालांकि भरोसा जताया कि शीर्ष नेतृत्व आपस में बैठकर मतभेद दूर करेगा और नेताओं से संयम बरतने की अपील की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों का गठबंधन पूरी तरह बरकरार है और आने वाली बैठकों में सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है। खबर है कि इस मुद्दे पर अगली बैठक 27 नवंबर को हो सकती है। सीटों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब सभी की निगाहें इस आगामी बैठक और गठबंधन के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।


Discover more from ZH7TV

Subscribe to get the latest posts sent to your email.