तेजप्रताप यादव के घर चोरी, 20 लाख कैश, कीमती सामन और आभूषण लेकर PA मोतीलाल फरार, शिकायत दर्ज
तेज प्रताप यादव के आवास पर हुई चोरी के मामले में उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर ही आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है
पटना: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव के पटना स्थित 42 हार्डिंग रोड आवास पर चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसका आरोप उनके सहयोगी मोतीलाल राय पर लगा है।
तेजप्रताप यादव द्वारा सचिवालय थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 22 जून को उनके घर की अलमारी से पार्टी फंड के लिए रखे गए 20 लाख रुपये नकद चोरी हो गए।
इसके साथ ही चोरों ने 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार सोने की पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो का लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन पर भी हाथ साफ कर दिया। शिकायत मिलने के बाद सचिवालय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: वांगचुक के अनशन पर बोले अरुंधति और नसीरुद्दीन “लंबी लड़ाई के लिए भूख हड़ताल खत्म करें”
गौरतलब है कि तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनके घर काम करने वाले चंदन नामक युवक पर आईफोन और तीन बैग कीमती सामान लेकर फरार होने का आरोप लगा था।
इसके अलावा, तेजप्रताप यादव इन दिनों कई अन्य कानूनी विवादों से भी घिरे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने आकाश यादव नामक व्यक्ति पर खुद की और अपने पिता लालू यादव की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
वहीं दूसरी तरफ, आकाश यादव (जो तेजप्रताप की कथित प्रेमिका अनुष्का यादव के भाई हैं) ने भी तेजप्रताप के खिलाफ घर में जबरन घुसने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें आरोप है कि तेजप्रताप अनुष्का की बेटी से मिलने के लिए उनके परिवार पर दबाव बना रहे थे।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
