महिला पत्रकार को कथित धक्का: सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

महिला पत्रकार को कथित धक्का: सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से मांगा जवाब

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों को नोटिस जारी कर एक याचिका पर जवाब मांगा है।

इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर निकाले गए मार्च के दौरान राहुल गांधी ने एक गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का दिया था। याचिका में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और पीड़िता को मुआवजा देने की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने महिला पत्रकार से बदसलूकी के आरोपों पर राहुल गांधी से जवाब तलब किया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की बेंच के सामने वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने दलील दी कि भीड़भाड़ वाले मार्च के दौरान राहुल गांधी ने एक गर्भवती महिला पत्रकार को जानबूझकर गेट की तरफ जोर से धक्का दिया।

अदालत की टिप्पणी और आरोप

याचिका में दावा किया गया है कि इस धक्के के कारण महिला का संतुलन बिगड़ गया और गिरने से बचने के लिए उन्हें हाथों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, अदालत ने साफ किया है कि ये अभी सिर्फ याचिका में लगाए गए आरोप हैं और इनकी सच्चाई कोर्ट की जांच के बाद ही साफ होगी।

इस मामले में अदालत से मांग की गई है कि राहुल गांधी और कथित घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया जाए। इसके अलावा, महिला पत्रकार को मुआवजा देने की मांग भी की गई है।

वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने 16 अक्टूबर को भी अदालत के सामने यह मामला उठाया था। उस समय उन्होंने आरोप लगाया था कि महिला पत्रकार तीन महीने की गर्भवती थी और घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने अदालत से मामले पर संज्ञान लेने की अपील की थी।

मतदाता सूची के मुद्दे पर निकाला गया था मार्च

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों के बड़े नेताओं ने 12 अक्टूबर को वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग ने नियमों को ताक पर रखकर मतदाता सूची से भारी संख्या में लोगों के नाम काट दिए हैं।

इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कई प्रदर्शन भी हो चुके हैं। इस मार्च को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले ही राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव को नोटिस जारी कर जवाब मांग चुका है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Muskan Asif

मुस्कान आसिफ़ (ZH7TV) एक अनुभवी और रचनात्मक कंटेंट, डायनेमिक डिजिटल एडिटोरियल प्रोफेशनल पत्रकार हैं। जो बड़ी और असरदार खबरों का सटीक विश्लेषण करने में माहिर हैं। वे अपने नेटवर्क की पहुँच बढ़ाने के लिए बेहद आकर्षक वीडियो, टेक्स्ट और इंटरैक्टिव डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं।