राम मंदिर घोटाला: बड़े नामों का खुलासा किया तो निपटा दिया जाऊंगा बाबा बागेश्वर
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जकार्ता में कहा कि वह राम मंदिर चढ़ावा घोटाले के असली मास्टरमाइंड को जानते हैं, लेकिन जान के खतरे के कारण उनका नाम उजागर नहीं कर सकते
अयोध्या: राम जन्मभूमि मंदिर के दान और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी के मामले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में कथा के दौरान भक्तों को संबोधित करते हुए बाबा बागेश्वर ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने साफ कहा कि वे इस घोटाले के असली मास्टरमाइंड को अच्छी तरह जानते हैं, लेकिन अगर उन्होंने अपने दिव्य दरबार की पर्ची खोलकर उन बड़े नामों का खुलासा किया, तो उन्हें निपटा दिया जाएगा।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जकार्ता में उमड़े भक्तों के सैलाब के सामने देश की कानून व्यवस्था पर भी तीखा तंज कसा। बेहद आक्रामक और भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि दुनिया के कुछ देशों को छोड़कर बाकी जगहों पर कानून मकड़ी के जाले जैसा है।
इसे भी पढ़ें: प्रदर्शन के दौरान पुलिस ज़ुल्म के शिकार हुए छात्रों से मिले राहुल गांधी, पीएम मोदी को लेकर दिया बड़ा बयान
भारत का कानून भी कुछ ऐसा ही है, जहां भारी चीज यानी बड़े मगरमच्छ तो जाला तोड़कर निकल जाते हैं और छोटी मछलियां उसमें फंस जाती हैं। राम मंदिर मामले में अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि एफआईआर जरूर हुई है, लेकिन अभी सिर्फ छोटी मछलियां ही हाथ आई हैं, असली बड़े मगरमच्छ अभी भी बाहर घूम रहे हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने खुद पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए माना कि वे इस समय एक बहुत बड़े धर्मसंकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने अपनी लाचारी व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ सच बताने पर उनकी जान को खतरा है, तो दूसरी तरफ अगर वे चुप रहते हैं, तो लोग चमत्कारी शक्तियों और उनकी दिव्य पर्ची पर उंगली उठाने लगते हैं।
अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी के इस हाई-प्रोफाइल मामले में एसआईटी (SIT) की सिफारिश के बाद रामजन्मभूमि कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने इस पूरे घोटाले में तत्परता दिखाते हुए अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, जांच एजेंसियों का भी यही मानना है कि इस पूरे खेल में कुछ और बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
