TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के खिलाफ एकजुट हुआ विपक्ष
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हिंसक हमले के बाद देश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भड़की चुनावी हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी पर भीड़ ने कथित तौर पर पथराव किया, अंडे-जूते फेंके और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। उन्हें बचाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को क्रिकेट हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
इस घटना के बाद पूरे देश का विपक्ष एकजुट होकर भाजपा पर हमलावर है। वहीं आज अभिषेक बनर्जी पर हमले के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस कोलकाता में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।
एकजुट हुआ विपक्ष:
तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले की निंदा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “एक प्रमुख विपक्षी नेता को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना भाजपा की प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति को दर्शाता है। केंद्र और राज्य दोनों को विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेद बनर्जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। राहुल गांधी ने सोशल साइट एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, “सांसद अभिषेक बनर्जी जी पर सोनारपुर में हुआ हमला बेहद निंदनीय है। एक सांसद पर हमला सिर्फ़ एक व्यक्ति पर हमला नहीं – यह उस जनता पर है जिसने उन्हें चुना, और उस लोकतंत्र पर है जो हम सबकी साझी विरासत है।”
इसे भी पढ़ें: कौन हैं वीडी सतीशन, जो बनेगे केरलम के मुख्यमंत्री
बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने आगे लिखा, “यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप है। राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं बन सकते। केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार – दोनों दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें, और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जन-प्रतिनिधि, किसी भी दल का हो, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित न रहे। अभिषेक जी, मेरी संवेदनाएँ आपके और आपके परिवार के साथ हैं। आप जल्द स्वस्थ हों।”
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा जहां भी सत्ता में आती है, वहां डराने-धमकाने का माहौल पैदा करती है। उन्होंने संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने के लिए अभिषेक बनर्जी के साहस की सराहना की।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार अराजक हो चुकी है। यह हमला साबित करता है कि भाजपा के पास नफरत, नकारात्मकता और हिंसा के अलावा देने के लिए कुछ नहीं है।
BJP का पलटवार: “यह जनता का गुस्सा है”
आरोपों के घेरे में आई भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने घटना की निंदा तो की, लेकिन इसमें भाजपा का हाथ होने से साफ इनकार किया। भाजपा का कहना है कि यह हमला राजनीतिक नहीं था, बल्कि चुनाव के दौरान अभिषेक बनर्जी द्वारा विपक्षी कार्यकर्ताओं को धमकाने और ‘डीजे बजाने’ वाले बयानों को लेकर स्थानीय जनता का गुस्सा था।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
