बंगाल में बवाल: अभिषेक बनर्जी के बाद अब कल्याण बनर्जी पर हमला, सिर में लगी चोट
पश्चिम बंगाल में अराजकता का माहौल और तनाव बढ़ता जा रहा है। क्योंकि अब सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने विरोधी नारेबाजी करते हुए उन्हें घेर लिया और उन पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए हैं।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की आग अभी बुझी भी नहीं थी कि अब पार्टी के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी पर भी जानलेवा हमला हो गया है।
हुगली के चंडीताला में एक उग्र भीड़ ने कल्याण बनर्जी को घेरकर उनके साथ मारपीट की, जिसके दौरान उनके सिर पर पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर तैनात सैन्य जवानों ने किसी तरह उन्हें भीड़ के चंगुल से सुरक्षित निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह घटना उस समय हुई जब सांसद कल्याण बनर्जी चंडीताला पुलिस स्टेशन में अपनी पार्टी के गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे।
इसी दौरान वहां मौजूद भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने टीएमसी समर्थकों के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसी हंगामे के बीच भीड़ हिंसक हो गई और कल्याण बनर्जी को काले झंडे दिखाए गए, जिसके बाद उन पर पत्थर या किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें: भोजशाला विवाद: नमाज स्थल पर नहीं बनी बात, 29 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
टीएमसी समर्थकों ने इस हमले का सीधा आरोप भाजपा पर लगाया है और पुलिस में मामला दर्ज करने की मांग की है। इससे ठीक एक दिन पहले, दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर (कमराबाद) में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी इसी तरह का हिंसक हमला हुआ था।वहां भीड़ ने अभिषेक बनर्जी को घेरकर ‘चोर-चोर’ और ‘बांग्लादेशी’ के नारे लगाए थे और उन पर पत्थर, जूते व कच्चे अंडे फेंके थे।
इस हमले में अभिषेक बनर्जी के कपड़े तक फट गए थे और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर किसी तरह बचाया था। हालांकि, पत्थरों और ईंटों की चपेट में आने से उनकी आंख, पीठ, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में 5 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
इन दोनों लगातार हुए हमलों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा सातवें आसमान पर है। उन्होंने भाजपा पर बंगाल में गुंडागर्दी फैलाने और टीएमसी को खत्म करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
ममता बनर्जी ने यहां तक दावा किया कि भाजपा ने डॉक्टरों को अभिषेक का इलाज करने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने केंद्र सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अभिषेक बनर्जी को कुछ भी हुआ, तो वह केंद्र तक की ईंट से ईंट बजा देंगी। फिलहाल इन दोनों घटनाओं के बाद पूरे पश्चिम बंगाल का सियासी पारा गरमाया हुआ है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
