अयोध्या के बाद बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गड़बड़ी का मामला गर्माया, बसपा सुप्रीमो ने की ये मांग

अयोध्या के बाद बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गड़बड़ी का मामला गर्माया, बसपा सुप्रीमो ने की ये मांग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब बद्रीनाथ में चढ़ावे में गड़बड़ी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बद्रीनाथ मंदिर में वित्तीय अनियमिताओं को लेकर अब बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सवाल उठाये हैं।

मंदिरो में चढ़ावे में हो रही वित्तीय अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि दोनों जगहों के ट्रस्ट से जुड़े प्रबंधनों की भी सही से जांच होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हतो तो फिर आगे चलकर इनकी आड़ में इनके स्थान पर दूसरे बने मुख्य प्रबन्धक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं।

बसपा सुप्रीमो ने सोशल साइट एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा, “यू.पी. के अयोध्या में श्री राम मन्दिर के बाद अब उत्तराखण्ड स्टेट में भी बद्रीनाथ धाम चढ़ावा में चोरी व ग़बन आदि होने का मामला काफी सुर्ख़ियों में हैं। इन दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों में इनके ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबन्धकों की भी सही से जाँच होनी चाहिये वरना फिर आगे चलकर इनकी आड़ में इनके स्थान पर दूसरे बने मुख्य प्रबन्धक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं।”

उन्होंने पोस्ट में कहा कि “क्योंकि ऐसी आम चर्चा है कि निचले स्तर पर जो भी गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए या तो मुख्य प्रबन्धकों की मिलीभगत है या फिर उनकी लापरवाही की वजह से यह सब कुछ हुआ है। अतः इस प्रकरण की अब सही से जाँच होनी बहुत ज़रूरी है तथा इस मामले में सरकार व एस.आई.टी. को भी विशेष ध्यान देना है।”

उन्होंने समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि सपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी आदि के जिन वरिष्ठ नेताओं द्वारा यहाँ (श्री राम मन्दिर) चढ़ावे में काफी मोटी रकम की चोरी व ग़बन आदि होने की बात कही जा रही है तो उनसे भी इसके पुख़्ता सबूत लेने चाहिये, ताकि कोई भी चोरी व ग़बनकर्ता बच ना सके, वरना इसकी आड़ में इसे कोरी राजनीति ही माना जायेगा अर्थात् श्रद्धा नहीं, जो जनहित के मुद्दों को दरकिनार करके, अब इस मुद्दे की आड़ में ये पार्टियाँ चुनाव में जाना चाहती हैं, ऐसी भी आम चर्चा है।


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Raja Zaid

"राजा ज़ैद एक जाने-माने पत्रकार हैं। उन्हें देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ राजनीति और सामायिक विषयो की कवरेज का 15 वर्षो से अधिक का अनुभव है।